मोहाली के पॉश इलाके के साथ लगते आरएमसी पॉइंट पर अचानक आग लग गई। सुबह से करीब 16 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। लेकिन अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। जबकि पास ही रिहायशी व इंडस्ट्रियल एरिया है। वहीं, धुआ अधिक होने से लोगों को आने जाने में दिक्कत में आ रही है। वहीं, इस मामले में सियासत भी गरमा गई है।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता भी मौके पर पहुंचे। जो एक दूसरे को घेर रहे है। पूर्व मेयर जीती सिद्धू का कहना है कि इस समस्या का हल तुरंत प्रशासन को करना चाहिए। जबकि कांग्रेस नेता कुलजीत सिंह बेदी का कहना है कि वह इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। क्योंकि अभी तक फील्ड में कुछ नहीं हुआ ।
मैं तो मामले को लेकर हाईकोर्ट जाऊंगा
इस मौके पर पूर्व डिप्टी मेयर और कांग्रेस नेता कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि उन्होंने साढ़े तीन साल पहले इस मामले को लेकर धरना दिया था। वह चाहते है कि इस समस्या से लोगों को छुटकारा मिले। इस मामले में वह कानूनी नोटिस दे चुके हैं। जरूरत पड़ी तो हाईकोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह लगातार आरएमसी पॉइंट का मुद्दा उठा रहे हैं,
लेकिन समगौली में जहां प्लांट लगन है वहां तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं बन पाई है और न ही टेंडर हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि रिहायशी इलाके के नजदीक होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि गमाडा ने 8 हजार करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी मोहाली में बेची है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
जीती सिद्धू ने विधायक को दे डाली चुनौती
वहीं, पूर्व मेयर व पूर्व सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्ध् के भाई जीती सिद्धू ने विधायक कुलवंत सिंह को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें चुनाव लड़ना है तो सबसे पहले आरएमसी पॉइंट को बंद करवाएं, कोई बड़ी घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद किसी को भी मुंह दिखाना मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह काम किसी एक व्यक्ति के बस का नहीं है। यह इलाका बहुत बड़ा है और यहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। इस आग से हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने विधायक से कहा कि वह 50 गाड़ियां लेकर आएं और आरएमसी पॉइंट को बंद करवाएं।