धार में सीने में चाकू घोंपकर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि दो लोग घायल हैं। बताया जा रहा है कि जिस युवक की हत्या हुई, वह आधा घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा। घटना गुरुवार रात सादलपुर थाना क्षेत्र के गुणावद की है।
शराब के नशे में हुआ विवाद, होटल के बाहर चले चाकू
- पुरानी रंजिश में कहासुनी: पुलिस के अनुसार, गुणावद गांव के तिरुपति होटल में विकास कायस्त और गुणावद निवासी गोलू के बीच पुरानी रंजिश को लेकर बहस शुरू हुई।
- नशे में भड़का मामला: बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों पक्षों के लोग शराब के नशे में थे। बहस बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकाल लिए और हमला कर दिया।
- सड़क पर तड़पता रहा घायल: चाकू लगने से विकास गंभीर रूप से जख्मी हो गया और करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा। बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हमले में घायल दो अन्य युवकों का इलाज जारी है।
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही सादलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सचिन शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई है।
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, विकास पर पहला वार किसने किया? वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे, इसका खुलासा जांच और चश्मदीदों के बयानों के बाद ही हो सकेगा।