त्योहारी सीजन में दिल्ली फायर सर्विस की मुस्तैदी:गृह मंत्री आशीष सूद ने बेहतरीन काम के लिए 47 नव-पदोन्नत सब-ऑफिसर्स को किया सम्मानित

त्योहारी सीजन के सात प्रमुख दिनों में दिल्ली अग्निशमन सेवा ने कुल 1,098 आपातकालीन कॉल पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी जन-धन हानि को टाला। इस दौरान विभाग ने आग लगने की 722 घटनाओं पर काबू पाने के साथ-साथ 376 बचाव अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को आयोजित एक विशेष समारोह में 47 नवपदोन्नत सब-ऑफिसर्स को सम्मानित करते हुए विभाग की सतर्कता, तत्परता और समर्पण की सराहना की।

उन्होंने कहा कि जब पूरी दिल्ली अपने परिवार के साथ त्योहार मना रही थी, तब अग्निशमन कर्मियों ने अपनी छुट्टियां और साप्ताहिक अवकाश त्यागकर बाजारों, रामलीला स्थलों और यमुना घाटों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई।

गृह मंत्री ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर सभी फायर स्टेशनों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया था। संवेदनशील स्थानों पर 218 विशेष स्टैंडबाय यूनिट और 730 अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई थी, जिससे अनगिनत लोगों की जान बचाने के साथ करोड़ों रुपए की संपत्ति को नुकसान होने से बचाया जा सका।