‘तेजप्रताप ने जबरन घर में घुसने की कोशिश की’:अनुष्का बोलीं-उनकी बातों को नोटिस नहीं करती, मेरा ध्यान बेटी पर है, तेजप्रताप ने लिखा-न झुकूंगा-न रुकूंगा

लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव और अनुष्का यादव एकबार फिर चर्चा में हैं। तेजप्रताप संग रिश्ता, बेटी उज्जैनी के जन्म के बाद लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच अनुष्का यादव पहली बार कैमरे पर नजर आई।

उन्होंने कहा, ‘मैं उनकी बातों पर ध्यान नहीं देती हूं। मेरा पूरा ध्यान मेरी बेटी पर है।’ वहीं घर में जबरन घुसने के आरोप पर उन्होने बताया, ‘उस वक्त मेरे भाई आकाश यादव घर पर नहीं थे। तेजप्रताप अपने पीएम मोतीलाल के साथ जबरन घर में घुसना चाह रहे थे। आगे क्या हुआ नहीं हुआ, उसको रहने दीजिए। इन सारी चीजों को हम मीडिया के सामने रखना नहीं चाहते। ये हमारा पारिवारिक मामला है।’

अनुष्का पटना में एक डांडिया नाइट्स कार्यक्रम में अपने भाई आकाश यादव और बेटी उज्जैनी के साथ पहुंचीं थीं। वहीं, अनुष्का के बयान के बाद तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बिना नाम लिए अपने विरोधियों पर निशाना साधा था।

अनुष्का बोलीं- उनकी बातों पर ध्यान नहीं देती

डांडिया नाइट्स कार्यक्रम में पहुंचीं अनुष्का यादव ने तेज प्रताप यादव को लेकर कहा, “वो जितनी भी कंट्रोवर्सी कर रहे हैं, उन सारी चीजों के लिए मैं उनको धन्यवाद देती हूं।

उसके लिए मैं कुछ बोल नहीं सकती हूं। मैं उनके लिए प्रार्थना करती हूं। मैं उनके लम्बे स्वास्थ्य की कामना करती हूं।”

वो बातों को एक्सेप्ट भी करते हैं और खारिज भी

तेज प्रताप के प्रेस कॉन्फ्रेंस के सवाल पर अनुष्का ने कहा, ‘प्रेस कॉन्फ्रेंस में वो क्या कहते हैं, आप उन्हीं से पूछिए। क्योंकि वो सारी बातों को खारिज भी करते हैं। फिर सारी बातों को एक्सेप्ट भी करते हैं और फिर खारिज करते हैं। तो इन सब कुछ पर वो ही आपको बेहतर जवाब दे सकते हैं।’

तेजप्रताप बोले-नाली के कीड़ों पर ध्यान देना शान के खिलाफ

अनुष्का के इस बयान के बाद तेज प्रताप यादव की सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा “जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे!” इस पोस्ट के साथ उन्होंने अपनी मां राबड़ी देवी, भाई तेजस्वी यादव और बहन के साथ तस्वीर साझा की।

आगे लिखा- ‘मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान देना अपनी शान के खिलाफ समझता हूं। कौन मेरे बारे में क्या बोलता है, कौन क्या सोचता है, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।

मैं अपने शो में व्यस्त हूँ, अपने काम में मस्त हूँ और अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहा हूं। कुछ लोगों को मेरी तरक्की देखकर जलन होती है, तो होती रहे। क्योंकि मेरा काम जवाब देना नहीं, अपनी मेहनत और सफलता से इतिहास रचना है। जलने वाले जलते रहेंगे, बोलने वाले बोलते रहेंगे और हम अपनी मंजिल की ओर बढ़ते रहेंगे।’

मैं न कभी झुकूँगा, न रुकूँगा – तेज प्रताप यादव

तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार सुबह भी एक पोस्ट शेयर किया। X पर लिखा, ‘मेरा लक्ष्य, मेरी जीत! मैंने अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित किया है और उसे हासिल किए बिना चैन से नहीं बैठूँगा। रास्ते में चाहे कितनी भी चुनौतियां आएं या कितने भी लोग मुझे रोकने की कोशिश करें, मैं न कभी झुकूंगा, न रुकूंगा और न ही हार मानूंगा।’

डांडिया कार्यक्रम से पहले तेज प्रताप ने जताई थी साजिश की आशंका

डांडिया नाइट्स कार्यक्रम से पहले तेज प्रताप ने X पर एक पोस्ट साझा किया था। इसमें उन्होंने पटना के कदमकुआं स्थित रूपचंद भागवत उत्सव हॉल में होने वाले कार्यक्रम को लेकर निशाना साधा था।

उन्होंने लिखा था, “नाच-गाने के कार्यक्रम के बहाने साजिशों का गठबंधन होने वाला है। हमारे सभी विरोधी यह बात अच्छी तरह समझ लें कि हम किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगे।”

उन्होंने नवरात्र का जिक्र करते हुए लिखा था कि यह सत्य, धर्म और न्याय की विजय का पर्व है और बुराई, छल तथा षड्यंत्र का अंत होगा। साथ ही लोगों से शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की थी।

इसी जगह पर अनुष्का यादव अपने भाई और बेटी के साथ कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए पहुंची थीं। हालांकि, अनुष्का ने अपने बयान में तेज प्रताप के आरोपों पर विस्तार से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि आरोपों का जवाब तेज प्रताप खुद देंगे।

बेटी उज्जैनी के वीडियो को लेकर भी चर्चा में आई थीं अनुष्का

अनुष्का यादव अपनी बेटी उज्जैनी के साथ इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करने के बाद भी चर्चा में आई थीं। वीडियो में वह अपनी बेटी के साथ नजर आई थीं। इसके बैकग्राउंड में भोजपुरी गीत ‘बेटी देके देलू संसारवा, दिहलु जिये के आधार’ लगाया गया था।

वीडियो के साथ अनुष्का ने लिखा था, “मेरी उज्जैनी के साथ मेरी पहली जितिया पूजा… उसकी मुस्कान और उसके लिए की गई हर प्रार्थना, मेरे लिए सबसे खूबसूरत एहसास है।”

महाकाल मंदिर में उज्जैनी का हुआ था अन्नप्राशन

अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर उसके अन्नप्राशन के दौरान सामने आई थी। उज्जैनी के मामा आकाश यादव ने परिवार के साथ वीडियो और तस्वीरें साझा की थीं।

आकाश यादव ने जो वीडियो शेयर किया था उसमें अनुष्का यादव सिंदूर लगाए अपनी बेटी के साथ रूद्रभिषेक करती दिख रही थीं। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। पोस्ट के मुताबिक, उज्जैनी का अन्नप्राशन संस्कार बाबा महाकाल के मंदिर में संपन्न कराया गया।

आकाश यादव ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था-

हमारी उज्जैनी ने अपने छह महीने पूर्ण होने के शुभ अवसर पर अपना पहला अन्न बाबा महाकाल के पवित्र प्रांगण में उनके भोग प्रसाद को ग्रहण किया। बाबा महाकाल उज्जैनी को हमेशा खुश रखें और नकारात्मक शक्तियों से दूर रखें। जय श्री महाकाल, ॐ। आदेश।

तेजप्रताप ने कहा था- मेरी बेटी की बात झूठी है

5 फरवरी 2026 को अनुष्का यादव को बेटी हुई। 8 फरवरी को चर्चा होने लगी कि बच्ची के पिता तेजप्रताप यादव हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने ट्वीट कर तेजप्रताप और अनुष्का को बधाई भी दी।

इस चर्चा के बीच तेजप्रताप यादव मीडिया के सामने आए और अनुष्का से संबंधों पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अनुष्का से मुझे बेटी हुई है, यह खबर झूठी है। साथ ही पहली बार उन्होंने पांचों जयचंदों के नाम का खुलासा किया।

उन्होंने आकाश भाटी पर आरोप लगाया था कि वह अनुष्का के फ्लैट पर जाते हैं। तेजप्रताप ने आरोप लगाया था कि अनुष्का की बच्ची का पिता भी वही (आकाश भाटी) है, जो फ्लैट पर जाता है। तेजप्रताप ने आकाश भाटी उर्फ आकाश गुर्जर का पता गोला रोड के टी-पॉइंट के पास बताया था।

उन्होंने कहा कि ‘अनुष्का से मुझे बेटी हुई है, यह खबर झूठी है। साथ ही पहली बार उन्होंने पांचों जयचंदों के नाम का खुलासा किया था।

तेजप्रताप ने कहा कि हमारे साथ पिछले दिनों जो व्यवहार हुआ और मुझे राबड़ी आवास से निकाला गया, उसमें 5 जयचंद मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज, शक्ति सिंह और सुनील सिंह शामिल हैं।

तेजप्रताप ने कहा कि ‘इन जयचंदों ने मुझे बदनाम किया है। मेरा अनुष्का यादव से कोई संबंध नहीं है। मेरा अकाउंट हैक कर इन जयचंदों ने अनुष्का यादव के साथ तस्वीर वायरल की थी।’

आकाश ने घर में जबरन घुसने का आरोप लगाया

आकाश यादव ने पटना कोर्ट में नालसी मुकादमा दर्ज कराया है। जिसमें तेजप्रपात पर 19 जून को उज्जैनी से मिलने के लिए घर में जबरन घुसने का आरोप है।

आकाश ने बताया कि रोकने पर तेजप्रताप ने कहा कि उज्जैनी का अपहरण करा दिया जाएगा। साथ ही इसके हिंसक परिणाम भुगतने होंगे।

आकाश ने उज्जैनी समेत पूरे परिवार के लिए खतरा महसूस करने की बात कही थी, क्योंकि उसी रात खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए एक शख्स ने विदेश से फोन कर धमकाया था।

हालांकि, तेजप्रताप यादव ने शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गर्लफ्रेंड के भाई की FIR के मामले में सफाई दी। उन्होंने कहा, आकाश और उसकी फैमिली मुझसे पैसों की डिमांड करती थी।

चर्चा में रही है तेज प्रताप की निजी जिंदगी

तेज प्रताप यादव की निजी जिंदगी पहले भी सुर्खियों में रही है। साल 2018 में उनकी शादी बिहार के पूर्व सीएम दरोग प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या राय से हुई थी।

हालांकि, यह शादी ज्यादा समय तक नहीं चली और मामला तलाक तक पहुंच गया। हाल ही में एक रियलिटी शो में तेजप्रताप ने ऐश्वर्या की पसर्नल लाइफ को लेकर भी बातें की थी।