मतदाता सूची से नाम हटाए, शिकागो में प्रदर्शन:भारतीय वाणिज्य दूतावास के बाहर जुटे 50 से ज्यादा भारतीय, लगाए ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे

अमेरिका के शिकागो में मंगलवार को 50 से अधिक भारतीय प्रवासी भारतीय वाणिज्य दूतावास के बाहर जुटे और भारत में मतदाता सूची से कथित तौर पर अवैध तरीके से नाम हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने ‘जय भीम’, ‘जय सावित्री’, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटने से लोगों के बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

प्रदर्शन का आयोजन शिकागो में रहने वाले भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने स्वतंत्र रूप से किया। इसे इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (IAMC), SACRED और हिंदूज़ फॉर ह्यूमन राइट्स (HfHR) का समर्थन मिला।

प्रदर्शन में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों, विद्यार्थियों, विभिन्न धर्मों के नेताओं और अन्य सहयोगियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का असर गरीबों, प्रवासी मजदूरों और अल्पसंख्यक समुदायों पर अधिक पड़ सकता है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि गलत तरीके से हटाए गए मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़े जाएं और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी व जवाबदेह बनाया जाए।