टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस; सभी आरोपियों पर लगा MCOCA:अब आसानी से नहीं मिलेगी जमानत, वसूली और दहशत फैलाने के लिए बनाया था निशाना

मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग मामले में सभी आरोपियों पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) लगाया है।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस राज तिलक रौशन ने बताया कि सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बाद संगठित अपराध से जुड़े एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं।

18 अक्टूबर को टाइगर की कार पर हुई फायरिंग के एक दिन बाद, 19 अक्टूबर को मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) यानी हत्या के प्रयास और धारा 3(5) यानी साझा मंशा के साथ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई थी।

IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 27 अक्टूबर को सभी आरोपियों पर MCOCA की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ दी गई हैं।

अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार

फायरिंग के बाद मौके से फरार हुए तीन आरोपियों फूल सिंह, रेहान अंसारी और ऋतिक महतो को 19 अक्टूबर को कोटा रेलवे स्टेशन पर जयपुर जा रही ट्रेन से गिरफ्तार किया गया था।

अगले दिन दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कथित हथियार सप्लायर राधा वर्मा, बबीता राव, कुणाल और सुमित सरोलिया को गिरफ्तार किया।

इसके बाद लॉजिस्टिक मदद और फंडिंग करने के आरोप में सरपंच खटक उर्फ अंकित, समीर खत्री और जतिन पंचाल को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया। बाद में प्रांजल ठकराल को इंदौर से पकड़ा गया। इस तरह मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 11 हो गई है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने फायरिंग की वजह बताई

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच ने फायरिंग के पीछे की वजह बताई। पुलिस के मुताबिक, यह फायरिंग पैसे वसूलने, गैंग का दबदबा बढ़ाने और लोगों में डर पैदा करने के लिए की गई थी।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों के लॉरेंस गैंग से संबंध हैं। पुलिस का कहना है कि गैंग ने अपना असर बढ़ाने, लोगों को डराने और वसूली के जरिए पैसे कमाने के लिए टाइगर को निशाना बनाया।

लॉरेंस गैंग का कथित ऑपरेटिव मुख्य आरोपी

पुलिस के मुताबिक, अनिल पंडित इस मामले में मुख्य आरोपी है। उसने सोशल मीडिया के जरिए अभिनेता पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। उसे लॉरेंस गैंग का कथित ऑपरेटिव बताया जा रहा है।