काजल ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में बनाया रिकॉर्ड:मेडल जीतने वाली पहली भारतीय हैवीवेट रेसलर बनीं, नीलम ने भी सिल्वर मेडल दिलाया

भारतीय रेसलर काजल ढोचक ने वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियन में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। वे वर्ल्ड चैंपियनशिप में हैवी वेट कैटेगरी का मेडल जीतने वाली पहली भारतीय रेसलर बन गई हैं।

बुधवार को 76 KG के फाइनल में 18 साल की काजल को यूक्रेन की अनास्तासिया अल्पीयेवा ने 8-6 से हराया। काजल के अलावा, नीलम सिरोही को भी सिल्वर मिला।

कजाकिस्तान के अस्ताना में 26 साल की नीलम 50 KG के फाइनल में जापान की युई सुसाकी से पिन-फॉल के आधार पर हार गईं।

पहली बार एक एडिशन में 2 भारतीय महिला पहलवान फाइनल में पहुंचीं

भारत ने सीनियर वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में नया रिकॉर्ड बनाया। पहली बार एक ही एडिशन में भारत की 2 महिला पहलवानों ने फाइनल तक का सफर तय किया। इससे पहले 2021 में ओस्लो में हुई चैंपियनशिप में अंशु मलिक ने सिल्वर मेडल जीता था।

आखिरी 20 सेकंड में हारीं काजल

76 KG के फाइनल में काजल का सामना यूक्रेन की अनास्तासिया अल्पीयेवा से हुआ। पहले पीरियड के बाद काजल 1-3 से पीछे थीं। उन्होंने दूसरे पीरियड में वापसी की और स्कोर 4-4 कर दिया।

मैच खत्म होने से करीब 20 सेकंड पहले अल्पीयेवा ने दांव लगाकर 4 अंक हासिल किए और 8-4 की बढ़त बना ली। काजल ने आखिरी पलों में 2 अंक जुटाए, लेकिन मुकाबला 6-8 से हार गईं।

पहली सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में फाइनल तक पहुंचीं

काजल पहली बार सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेल रही थीं। फाइनल से पहले सेमीफाइनल में उन्होंने किर्गिस्तान की ऐपेरी मेदेत क्यजी के खिलाफ 1-7 से पिछड़ने के बाद वापसी की और 10-7 से जीत दर्ज की। काजल अंडर-20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में 2 बार गोल्ड मेडल भी जीत चुकी हैं।

युई सुसाकी ने नीलम को पिन-फॉल से हराया

50 KG के फाइनल में नीलम सिरोही का सामना जापान की युई सुसाकी से हुआ। सुसाकी ने 5-0 की बढ़त बनाने के बाद पहले पीरियड में ही नीलम को पिन-फॉल कर दिया। इस हार के साथ नीलम को सिल्वर मेडल मिला।

नीलम ने सेमीफाइनल में कजाकिस्तान की जेनेप बयानोवा को 7-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, सुसाकी ने इस जीत के साथ अपना पांचवां वर्ल्ड चैंपियनशिप गोल्ड मेडल जीता। वह 48 KG और 50 KG कैटेगरी में वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी हैं।

अंशु मलिक के बाद भारत की दो महिला पहलवानों ने जीता सिल्वर

अंशु मलिक 2021 में सीनियर वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थीं। उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था। अब काजल ढोचक और नीलम सिरोही ने एक ही एडिशन में फाइनल खेलकर भारतीय महिला कुश्ती में नया रिकॉर्ड बनाया है।