राशिद T20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज:उमरजई का 44 गेंद पर शतक, अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे सीरीज जीती

अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान मेंस टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए।उन्होंने 120 मैचों में यह माइल स्टोन हासिल किया।

शारजाह में गुरुवार को राशिद खान ने दूसरे टी-20 मैच में जिम्बाब्वे के विकेटकीपर तादिवनाशे मरुमानी को LBW किया। मरुमानी राशिद का 200वां विकेट बने।

इस मैच को अफगानिस्तान ने 19 रन से जीता। उसने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। तीसरा मुकाबला एक नवंबर को खेला जाएगा।

राशिद खान के नाम ये रिकॉर्ड भी हैं

  • टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 100 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज हैं। 53 पारियों में यह कारनामा किया था।
  • टी-20 इंटरनेशनल में LBW से सबसे ज्यादा विकेट लिए। राशिद के नाम LBW के 52 विकेट दर्ज हैं।
  • टेस्ट के सबसे युवा कप्तान हैं। 2019 में 20 साल 350 दिन की आयु में बांग्लादेश के खिलाफ चटग्राम में अफगानिस्तान की कप्तानी की थी।
  • वनडे के सबसे युवा कप्तान। 19 साल 165 दिन की उम्र में 2018 में बुलवायो में स्कॉटलैंड के खिलाफ अफगानिस्तान की वनडे टीम की कप्तानी की थी।

मैच में ये रिकॉर्ड भी बने

  • अफगानिस्तान शुरुआती 4 विकेट 20 से कम रन पर गंवाने के बाद टी-20 इंटरनेशनल मैच 200 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली टीम बनी।
  • 40 साल 188 दिन की उम्र में T20I शतक लगाया। वे मेंस T20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने।
  • अजमतुल्लाह उमरजई और इजाज अहमद अहमदजई ने 142 रन की साझेदारी की। यह T20I में छठे या उससे निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।

उमरजई का 44 गेंदों पर शतक

उमरजई ने 50 गेंदों पर 116 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 44 गेंदों पर अपना पहला T20I शतक पूरा किया। उनका स्ट्राइक रेट 232 रहा।

अफगानिस्तान की पारी के आखिरी ओवर में राशिद खान ने कुंदई मतिगीमु की गेंदों पर 4 छक्के लगाए। उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए। अफगानिस्तान 221/7 के स्कोर तक पहुंचा।

222 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। जिम्बाब्वे 20 ओवर में 202/5 रन ही बना सका।