पंजाब के फिरोजपुर जिले में ममदोट थाना क्षेत्र के गांव मोहड़ेवाला में कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग परिवारों की तीन मासूम बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ी और उनके मुंह से सफेद झाग निकलने लगा। जब तक परिजन कुछ समझ पाते या सही इलाज मिल पाता, तीनों ने दम तोड़ दिया।
घटना शनिवार की है। पुलिस-स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तीनों मौतों के पीछे कोई साझा कारण है या ये अलग-अलग चिकित्सकीय परिस्थितियों के परिणाम हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मौतों की वजह पता लगाने में जुटे हैं। फिलहाल किसी बीमारी, जहरीले पदार्थ या अन्य कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
पहली घटना: दो सौतेली बहनों ने एक साथ तोड़ा दम पहले परिवार में दो सगी-सौतेली बहनों की जान गई। इनमें से एक बच्ची की उम्र 7 साल और दूसरी की महज 11 महीने थी। परिजनों ने बताया कि शनिवार सुबह दोनों बच्चियां अचानक बेचैन होने लगीं और उनके मुंह से झाग आने लगा। परिजन आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 7 वर्षीय बच्ची पिता की पहली पत्नी की बेटी थी, जबकि 11 माह की बच्ची दूसरी पत्नी से थी। पिता के कुल पांच बच्चे (4 बेटियां और एक बेटा) हैं।
दूसरी घटना: मां का दूध पीते ही बिगड़ी 6 महीने की बच्ची की हालत अभी गांव के लोग पहले हादसे के सदमे से उबरे भी नहीं थे कि पड़ोस के दूसरे परिवार में 6 महीने की बच्ची की भी ठीक इसी तरह मौत हो गई। परिजन के मुताबिक मां ने सुबह बच्ची को अपना दूध पिलाया था। कुछ ही देर बाद बच्ची छटपटाने लगी और उसके मुंह से भी झाग निकलने लगा। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि उसने घर पर ही दम तोड़ दिया।
फूड पॉइजनिंग या जहरीला पदार्थ? जांच में जुटा प्रशासन स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम गांव मोहड़ेवाला भेजी गई है। टीम ने घरों से पानी, दूध और खाद्य पदार्थों के सैंपल जुटाए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चियों की मौत से जुड़े हालात की जानकारी जुटा रही है। तीनों बच्चियों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए फिरोजपुर सिविल अस्पताल में रखे गए हैं। पोस्टमॉर्टम और मेडिकल जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस परिवारों के बयान दर्ज कर रही डीएसपी कर्ण शर्मा के मुताबिक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।