राजस्थान में दिन का तापमान गिरा, रात में सर्दी कम:माउंट आबू रहा सबसे ठंडा; जानें- आगे कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में इन दिनों मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य में रविवार को अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। बाड़मेर को छोड़कर सभी शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, बाड़मेर समेत कई जिलों में रात में कम ठंडक है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ऊपर दर्ज हो रहा है।

राजस्थान में सबसे ठंडा इलाका माउंट आबू रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले 3-4 दिन तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।

बाड़मेर में सबसे ज्यादा रहा अधिकतम तापमान

भरतपुर, कोटा संभाग में रविवार सुबह हल्की धुंध रही। सूरज चढ़ने के साथ आसमान साफ होने लगा और धूप निकली। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर संभाग में रविवार को दिनभर आसमान साफ रहने से सुहावनी धूप रही।

बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35.6 ​डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 34.8, चित्तौड़गढ़ में 33.8, फतेहपुर (सीकर) में 33, पिलानी (झुंझुनूं) में 33.1, नागौर व चूरू में 32.8 और श्रीगंगानगर में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर में दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ।

शेखावाटी में न्यूनतम तापमान में हो रही बढ़ोतरी

राज्य में बारिश थमने और धूप निकलने के साथ ही कुछ शहरों में रात में भी सर्दी का असर थोड़ा कम हो गया। शेखावाटी के चूरू, सीकर, झुंझुनूं, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे था, जहां अब थोड़ी बढ़ोतरी हो गई है।

सीकर में न्यूनतम तापमान 15.5, फतेहपुर में 13.9, झुंझुनूं व चूरू में 17.5, पिलानी में 17.8, टोंक में 16.4 और अजमेर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।