अनंत सिंह दामाद को देंगे 2 करोड़ की डिफेंडर:छोटे बेटे को गिफ्ट करेंगे BMW; बेटी की शादी में 4 लाख लोगों का बन रहा खाना

मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की 25 नंवबर को शादी है। इसकी भव्य तैयारी की जा रही है।

अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 2 से 2.50 करोड़ रुपए की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट कर रहे हैं। गाड़ी पटना पहुंच चुकी है। बेटी की शादी के साथ ही उनके छोटे बेटे अभिनव सिंह का जनेऊ भी है। वो अपने छोटे बेटे को BMW कार गिफ्ट कर रहे हैं।

25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में होने वाली इस शादी को भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। करीब 10 बीघा जमीन पर मंडप और पंडाल तैयार किए जा रहे हैं।

शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के करीब तीन दर्जन कलाकारों को बुलाया गया है।

दुबई से 6 मॉडल भी पहुंचेंगी। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान और करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की तैयारी है।

दामाद को देंगे लैंड रोवर डिफेंडर, जानिए कितनी है कीमत

शादी में सबसे खास चर्चा अनंत सिंह की ओर से दामाद ऋषिकेश को दिए जाने वाले गिफ्ट की है। वह उन्हें लैंड रोवर डिफेंडर देने वाले हैं। डिफेंडर देश की महंगी और लग्जरी एसयूवी में गिनी जाती है। इसके टॉप वेरिएंट की कीमत करीब 3 करोड़ रुपए तक पहुंचती है। हालांकि, गाड़ी का सटीक वेरिएंट और उसकी अंतिम कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

डिफेंडर अपनी दमदार ऑफ-रोड क्षमता, मजबूत बॉडी, प्रीमियम इंटीरियर और आधुनिक तकनीक के लिए जानी जाती है। इसमें एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑल-व्हील ड्राइव और कई लग्जरी सुविधाएं मिलती हैं। इस गिफ्ट के जरिए अनंत सिंह अपने दामाद को खास तोहफा देने जा रहे हैं।

जयपुर थीम पर 30 फीट ऊंचा जयमाला स्टेज, चीन से आएंगे फूल

शादी में सजावट भी खास अंदाज में की जा रही है। जयमाला के लिए करीब 30 फीट ऊंचा स्टेज बनाया जा रहा है। इसकी थीम जयपुर के पत्रकार चौराहे की तर्ज पर रखी गई है। स्टेज को भव्य रूप देने के लिए चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाए जा रहे हैं।

सजावट की जिम्मेदारी विशेष इवेंट कंपनी को दी गई है। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से सजावटी सामान मंगाए जा रहे हैं।

करीब 10 बीघा जमीन पर विवाह समारोह के लिए पंडाल तैयार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मऊ से टेंट लगाने वाले कारीगर बुलाए गए हैं।

पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आयशा खान समेत 36 कलाकारों को न्योता

शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों का जमावड़ा लगाने की तैयारी है। अनंत सिंह के मुताबिक, करीब तीन दर्जन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।

12 बीघा में घुड़दौड़ का मैदान, विजेता को मिलेगी थार

शादी में घुड़दौड़ भी बड़ा आकर्षण होगी। इसके लिए करीब 12 बीघा जमीन पर विशेष मैदान तैयार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा समेत कई राज्यों से घुड़सवारों के पहुंचने की तैयारी है।

घुड़दौड़ में पहले स्थान पर आने वाले को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर आने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी देने की घोषणा की गई है। प्रतियोगिता 25 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है।

150 से ज्यादा पकवान

शादी में खाने-पीने का इंतजाम भी बड़े स्तर पर किया जा रहा है। अनंत सिंह ने 8 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार होंगे। लोगों की संख्या बढ़ने पर भी खाना बनवाने की व्यवस्था रहेगी।

मिठाइयों में काजू कतली और नालंदा का मशहूर सिलाव खाजा शामिल रहेगा। सिलाव खाजा अपनी 52 परतों वाली बनावट के लिए प्रसिद्ध है। इसके अलावा मेन्यू में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ दूसरे राज्यों के पकवान भी शामिल हैं।

PM मोदी से लेकर नीतीश और लालू तक को निमंत्रण

अनंत सिंह ने बेटी की शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत पक्ष-विपक्ष के तमाम नेताओं को बुलाने की इच्छा जताई है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को वह निमंत्रण दे चुके हैं।

उन्होंने कहा है कि शादी में राजनीति का कोई भेदभाव नहीं होगा। हिंदुस्तान-पाकिस्तान समेत दुनिया के किसी भी हिस्से से आने वाले मेहमानों का स्वागत है।

अमेरिका में रहते हैं अनंत के दामाद

शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। वह पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे हैं। ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है और करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं।