भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में दीपावली की रात मंदिर में गाना बजाने के विवाद को लेकर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 10 लोगों को रौंद दिया। इस घटना में 2 सगे भाइयों की मौत हो गई है।
मृतक की पहचान 55 साल के दिनेश यादव, और कमलेश यादव के रूप में हुई है। दिनेश पेशे से ट्रक ड्राइवर थे। डॉक्टरों के मुताबिक, दिनेश के सीने पर स्कॉर्पियो चढ़ी थी और सिर में चोट लगने की वजह से मौत हुई है। दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों को टक्कर मारने के बाद उन्हें गाड़ी से 50 मीटर तक घसीटते रहे। किसी के सीने पर गाड़ी चढ़ गई, तो किसी के हाथ-पैर कुचल गए।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इनमें तीन लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में ये लोग शामिल
घायलों में मृतक के 47 वर्षीय भाई दिनेश यादव, रमेश यादव के 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और राजेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र रितु कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं।
छठ का गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि गांव के सूर्य मंदिर पर छठ का गाना बज रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और मेरे भईया मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। उसने धमकी दी कि इसके बाद गाना नहीं बजना चाहिए।
इसी बात को लेकर मुन्ना यादव और स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के लोगों को घर से बुलाया। इस बीच स्कॉर्पियो सवार वहां से चला गया।
कुछ देर बाद जब सभी लोग इकट्ठा होकर आपस में बात कर रहे थे, तभी वह स्कॉर्पियो लेकर दोबारा वहां पहुंचा और तेज रफ्तार में लोगों को रौंद दिया।
मृतक के बेटे ने कहा- स्कॉर्पियो सवार ने बढ़ाई गाड़ी की रफ्तार
रोहित ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी तथा लोगों को घसीटता रहा। जब ग्रामीणों ने गाड़ी का पीछा किया, तो वह मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद किसी को खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिरा देखा गया, तो कोई करीब 100 मीटर दूर छटपटाता रहा। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने के दौरान अधेड़ की मौत
आरा सदर अस्पताल के ऑन ड्यूटी चिकित्सक अशोक कुमार ने बताया कि पांच-छह लोगों को गंभीर रूप से जख्मी हालत में अस्पताल लाया गया था। इनमें कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान मौत हो गई। उनके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था।
उन्होंने बताया कि दिनेश यादव के सीने पर गाड़ी चढ़ने से अंदरूनी चोट आई है, जबकि अन्य घायलों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें लगी हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद आगे इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।बताया जाता है कि मृतक के घर में पत्नी आशा देवी,तीन बेटा शियोग,रोहित एवं प्रिंस और चार बेटी निशा,मनीषा,प्रिय व रागिनी है। घटना में बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।