क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोला- सैंडपेपर विवाद की जांच दोबारा नहीं:इन्वेस्टिगेशन के नतीजे से संतुष्ट; ख्वाजा ने कहा था- पूरी टीम इसमें शामिल थी

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने 2018 के सैंडपेपर विवाद की जांच दोबारा शुरू करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा- ‘बोर्ड के पास जांच फिर से खोलने की कोई ठोस वजह नहीं है। हम पहले की जांच के नतीजों से संतुष्ट है।’

यह विवाद फिर से चर्चा में है और इसकी वजह हैं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा। उन्होंने अपनी बायोग्राफी बुक ‘सब्र’ में दावा किया कि 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे पर पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी।

क्या था 2018 का बॉल टेम्परिंग या सैंडपेपर विवाद?

  • फरवरी-मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम 4 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी। केपटाउन में तीसरे टेस्ट मैच के दौरान बैनक्रॉफ्ट गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए पकड़े गए। वे सैंडपेपर का टुकड़ा अपनी पैंट में छिपाने की कोशिश कर रहे थे।
  • क्रिकेट में गेंद की सतह से छेड़छाड़ करना बॉल टेंपरिंग कहलाता है। गेंद की एक तरफ की सतह को खुरदरा करने से गेंद हवा में असमान तरीके से घूम सकती है। इससे तेज गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग कराने में मदद मिलती है।
  • इसके बाद तब के कप्तान स्टीव स्मिथ ने स्वीकार किया था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाई थी।
  • इस मामले में कप्तान स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने का बैन लगा था। बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए निलंबित किया गया था।
  • स्मिथ पर अतिरिक्त 12 महीने तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नेतृत्व की जिम्मेदारी लेने पर भी रोक लगाई गई थी। वॉर्नर पर भी कप्तानी का आजीवन प्रतिबंध लगा था, जिसे 2024 में हटा दिया गया।

ग्रीनबर्ग बोले- सभी खिलाड़ियों को अपनी बात रखने का मौका मिला

ग्रीनबर्ग ने रेडियो चैनल SEN से बातचीत में कहा कि उन्होंने अभी ख्वाजा की किताब नहीं पढ़ी है। हालांकि, ख्वाजा ने कुछ महीने पहले उन्हें फोन करके किताब जारी करने की जानकारी दी थी। ग्रीनबर्ग ने इसके लिए उनका आभार भी जताया।

ग्रीनबर्ग के मुताबिक, उस समय खिलाड़ियों को अपनी बात रखने के लिए कहा गया था। पिछले आठ साल में भी उनके पास ऐसा करने का मौका था।

उन्होंने कहा कि बोर्ड का रुख अब भी वही है और जांच दोबारा शुरू करने की कोई ठोस वजह नहीं दिखती।

ख्वाजा ने कहा था- पूरी टीम को सैंडपेपर की जानकारी थी

ख्वाजा ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को दिए इंटरव्यू में कहा था- ‘इसमें बल्लेबाज, गेंदबाज और सपोर्ट स्टाफ सभी शामिल थे।’ उन्होंने यह भी कहा कि पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट यानी दूसरे टेस्ट मैच के दौरान भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था।

ख्वाजा ने यह भी कहा कि केपटाउन टेस्ट के दौरान वे कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच के दौरान उनका बयान तक नहीं लिया।

ख्वाजा का यह दावा 2021 में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन के संयुक्त बयान से अलग है। इन चारों गेंदबाजों ने उस समय गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने से इनकार किया था।

वॉर्नर ने ख्वाजा के दावे को 100% सही बताया

  • पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने उस्मान ख्वाजा के दावों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी बातें 100% सही हैं। वॉर्नर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर यह बात कही।
  • वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जांच जल्दबाजी में और अधूरे तरीके से की गई।
  • उन्होंने कहा- ‘उस्मान बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन उनसे पूछताछ नहीं हुई। यह कैसी पूरी जांच थी? यह बात मुझे हैरान करती है।’
  • उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी पर उंगली उठाना या पुराने जख्म खोलना नहीं है। वे चाहते हैं कि मामले में जवाबदेही हो और सच की ठीक से जांच की जाए।