जूही चावला@59 सलमान से शादी का रिश्ता ठुकराया:शाहरुख को थप्पड़ मारा: आमिर ने हाथ पर थूका तो दोस्ती टूटी, जानिए तीनों खान से कनेक्शन

बॉलीवुड की सबसे हंसमुख अदाकारा जूही चावला आज अपना 59वां जन्मदिन मना रही हैं। 80 और 90 के दशक में अपनी खूबसूरत मुस्कान और शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली जूही आज देश की सबसे अमीर अभिनेत्री हैं।

1986 में फिल्म ‘सल्तनत’ से डेब्यू करने वाली जूही ने अपने 40 साल के फिल्मी करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।

वे बॉलीवुड की कुछ चुनिंदा एक्टर्स में से एक हैं जिन्होंने तीनों खान शाहरुख, आमिर और सलमान के साथ काम किया है। सलमान के साथ बतौर लीड एक्ट्रेस जूही ने कोई फिल्म नहीं की इसके बावजूद सलमान उन्हें काफी पसंद करते थे।

सलमान जूही चावला से शादी करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने जूही के पिता से उनका हाथ भी मांग लिया था। लेकिन जूही और उनके पिता ने सलमान को रिजेक्ट कर दिया।

जूही ने कभी गुस्से में शाहरुख खान को थप्पड़ जड़ दिया था, तो आमिर खान की एक घिनौनी हरकत से नाराज होकर उनसे 5 साल तक बात नहीं की थी।

आज जूही चावला के बर्थडे के खास मौके पर जानिए सलमान, शाहरुख और आमिर के साथ उनकी दोस्ती और अनबन की कहानी-

आमिर ने कभी हाथ पर थूका तो कभी सांप पकड़ाया

आमिर खान ने अपने करियर की शुरुआत ही जूही चावला के साथ की थी। दोनों साल 1988 की पिक्चर ‘कयामत से कयामत तक’ में नजर आए थे। इसके बाद दोनों ने कई फिल्मों में काम किया था और वो अच्छे दोस्त भी थे, लेकिन आमिर के मजाक की आदत ने दोनों के बीच सालों की दरार डाल दी।

एक बार फिल्म ‘हम हैं राही प्यार के’ की शूटिंग के वक्त आमिर ने जूही को मजाक मस्ती में पानी में धक्का दे दिया था। जूही पानी में गिर पड़ीं और आमिर की इस हरकत से नाराज हो गई थीं।

इससे पहले भी आमिर जूही के साथ एक ऐसा प्रैंक कर चुके थे। फिल्म ‘तुम मेरे हो’ की शूटिंग के दौरान आमिर ने जूही को हाथ में एक सांप पकड़ा दिया और उनके करीब आने की कोशिश करने लगे।

यह देख जूही डर गईं और सेट पर ही भागने लगीं। आमिर मजाक कर रहे थे लेकिन जूही को लगा कि आमिर कुछ गलत करने वाले थे। जूही डर के मारे पूरे सेट पर चीखते हुए भागने लगी थीं।

हद तो तब हो गई थी जब आमिर ने जूही के साथ फिल्म ‘इश्क’ के सेट पर मजाक किया था, लेकिन इस बार ये मजाक महंगा पड़ गया। ‘अंखियां तू मिला ले राजा’ गाने की शूटिंग के दौरान आमिर जूही के पास गए और उन्हें कहा कि वह ज्योतिष विद्या जानते हैं और उनका हाथ देख सकते हैं।

जूही को आमिर की बातों पर भरोसा हो गया और उन्होंने अपना हाथ जैसे ही आमिर के सामने रखा, उन्होंने उनके हाथ पर थूक दिया। जूही इस बात से बहुत नाराज हो गईं और रोने लगीं। इसके बाद जूही ने 5 साल तक आमिर खान से बात नहीं की थी।

गुस्से में ठुकराई ‘राजा हिंदुस्तानी’, लेकिन आमिर के बुरे दौर में दिया सहारा

आमिर खान से इस कदर नाराज थीं कि जब उन्हें ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ में आमिर के अपोजिट लीड रोल ऑफर हुआ, तो उन्होंने गुस्से में सिर्फ आमिर का नाम सुनकर फिल्म ठुकरा दी। जूही के इस फैसले से आमिर भी हैरान रह गए थे, जिसके बाद वह रोल करिश्मा कपूर को मिला और उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म साबित हुआ।

हालांकि 5 साल बाद दोनों का यह झगड़ा खत्म हुआ और उनकी दोस्ती वापस पटरी पर लौटी। जब आमिर खान का अपनी पहली पत्नी रीना दत्ता से तलाक हुआ, तो आमिर बेहद डिप्रेशन और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। उस दौर में आमिर रोज रात को सोने के लिए शराब पीने लगे थे।

तब जूही चावला अपनी पुरानी नाराजगी भूलकर आमिर के घर जाती थीं, उनका हौसला बढ़ाती थीं और उन्हें इस मुश्किल दौर से बाहर निकालने में मदद करती थीं।

गुस्से में शाहरुख खान को जड़ दिया था थप्पड़

शाहरुख खान और जूही चावला की ऑनस्क्रीन जोड़ी जितनी सुपरहिट रही, ऑफस्क्रीन उनकी दोस्ती उतनी ही गहरी है। लेकिन इसी दोस्ती के बीच एक बार ऐसा दौर भी आया जब जूही ने गुस्से में आकर शाहरुख को थप्पड़ जड़ दिया था।

डायरेक्टर विवेक शर्मा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया था की दोनों एक्टर्स फिल्म ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ की शूटिंग के दौरान फिल्म के एक्शन मास्टर एक एक्शन सीन फिल्मा रहे थे।

इस एक्शन सीन को लेकर शाहरुख खान बहुत उत्साहित थे। एक्शन सीक्वेंस के दौरान एक आग का गोला निकलता है। जूही को इसकी जानकारी ही नहीं थी।

जब सीन शूट होना शुरू हुआ और आग का गोला बूम से निकला तो जूही चावला काफी डर गईं और गुस्से में शाहरुख खान को एक थप्पड़ भी जड़ दिया और शूटिंग छोड़कर अपनी वैनिटी वैन में चली गईं।

शाहरुख को लगा कि उनकी गलती की वजह से जूही नाराज हुई हैं तो वह खुद गए और जूही को मना कर वापस लाए। जबकि इसमें शाहरुख खान की कोई गलती नहीं थी। जूही को लगा कि शाहरुख को सब पता था और उन्होंने नहीं बताया।

मुश्किल वक्त में शाहरुख ने दिया साथ, जूही ने आर्यन की जमानत कराई

केवल फिल्मों में ही नहीं शाहरुख-जूही रियल लाइफ में भी एक दूसरे के जोड़ीदार हैं। एक इंटरव्यू में जूही ने बताया था कि जब उनके भाई कोमा में चले गए थे, तो वो पूरी तरह से अकेली हो गई थीं।

मां-पापा के जाने के बाद उनके भाई ही थे जो उनका ख्याल रखते थे। उनके इस मुश्किल वक्त में शाहरुख खान ही थे, जिन्होंने जूही को बहुत सपोर्ट किया था। जूही अक्सर कहती हैं कि “अगर मुझे किसी चीज की जरूरत हो और मैं शाहरुख को फोन करूं तो मैं जानती हूं वह पलक झपकते ही मेरे पास पहुंच जाएंगे।”

यह दोस्ती सिर्फ एकतरफा नहीं रही। जब शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को 2021 में ड्रग्स केस के सिलसिले में जेल जाना पड़ा था, तो जूही चावला ही थीं जो सेशन कोर्ट पहुंचीं और आर्यन की 1 लाख रुपए की जमानत के लिए मुख्य बेल बॉन्ड पर साइन किया। दोनों आईपीएल कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के को-पार्टनर्स भी हैं।

सलमान खान करना चाहते थे जूही से शादी, पिता ने किया रिजेक्ट

शाहरुख खान और आमिर खान दोनों ने ही जूही चावला के साथ फिल्में की हैं, लेकिन बड़े पर्दे पर कभी भी सलमान खान और जूही की जोड़ी नजर नहीं आई। फिर भी सलमान खान, जूही पर फिदा हो गए थे।

एक वक्त ऐसा था जब सलमान, जूही चावला से शादी करना चाहते थे। सलमान ने इसके लिए जूही के पिता से उनका हाथ भी मांग लिया था। हालांकि, जूही और उनके पिता ने सलमान का प्रपोजल मानने से इनकार कर दिया था।

इस बात का खुलासा सलमान ने खुद अपने एक पुराने इंटरव्यू में किया था। सलमान जूही के बारे में बात करते हुए कहते हैं- “वो बहुत स्वीट हैं। मैंने उनके पिता से शादी के बारे में बात की थी।”

इंटरव्यू ले रहे होस्ट ने पूछा कि जूही के पिता ने क्या कहा? तो सलमान कहते हैं कि ‘नहीं’। होस्ट ने इसकी वजह पूछी तो सलमान ने कहा, “उन्होंने साफ मना कर दिया। पता नहीं उन्हें क्या चाहिए था, शायद मैं उनके बिल में फिट नहीं बैठता था।”

सलमान आज भी मारते हैं ताना

जूही ने सलमान की इस बात पर बाद में रिएक्शन भी दिया था। जूही ने न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में कहा था कि जब उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की तब सलमान खान बड़े स्टार नहीं थे। जूही के मुताबिक, वो करियर के शुरुआती समय में सलमान खान और आमिर खान को उतने अच्छे से नहीं जानती थीं।

जूही ने कहा, “सलमान आज भी मुझे साथ में फिल्म न करने की वजह से ताना मारते हैं। वो जब भी मिलते तो यही कहते हैं कि आपने मेरे साथ कोई भी फिल्म नहीं की। हमने शायद ही किसी फिल्म में साथ काम किया हो, लेकिन हमने एक साथ कई स्टेज शोज किए हैं।” हालांकि फिल्म दीवाना मस्ताना में सलमान का कैमियो रोल था।

  • भारत की अभिनेत्रियों में सबसे अमीर हैं जूही हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के मुताबिक भारत की टॉप 6 सबसे अमीर सेल्फ-मेड महिलाओं में शामिल हैं। जूही की नेटवर्थ करीब 7,790 करोड़ रुपए है। जूही और उनके पति जय मेहता के पास तमाम बिजनेस इन्वेस्टमेंट और IPL टीम KKR की बड़ी हिस्सेदारी है।
  • शाहरुख के साथ फिल्में भी कर चुकी हैं प्रोड्यूस जूही चावला ने एक्टिंग के अलावा शाहरुख खान और डायरेक्टर अजीज मिर्जा के साथ मिलकर ‘ड्रीम्ज अनलिमिटेड’ प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की थी। इसी बैनर तले ‘फिर भी दिल है हिन्दुस्तानी’, ‘अशोका’ और ‘चलते चलते’ जैसी फिल्मों का निर्माण जूही चावला कर चुकी हैं।
  • करियर के पीक पर मां का निधन हो गया एक तरफ जूही करियर के ऊंचे पायदान पर खड़ी थीं, तो दूसरी तरफ उनकी पर्सनल लाइफ उतार-चढ़ाव से भरी रही। साल 1998 में जब जूही फिल्म ‘डुप्लीकेट’ की शूटिंग में बिजी थीं, तब उसी समय एक दुर्घटना में उनकी मां का निधन हो गया था। इसके बाद उनके पिता का भी लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। साल 2010 में उनके भाई बॉबी स्ट्रोक पड़ने के बाद कोमा में चले गए थे और 2014 में 9 मार्च को उनका भी निधन हो गया। जूही ने अपने परिवार के लगभग सभी करीबियों को खो दिया था, लेकिन हर मुश्किल में वो मजबूती से खड़ी रहीं।
  • ट्रेन के नीचे कट सकती थी गर्दन फिल्म ‘अर्जुन पंडित’ की शूटिंग के दौरान जूही चावला एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बची थीं। इस बात का खुलासा उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में किया था। जूही ने बताया था- “फिल्म के क्लाइमैक्स सीन की शूटिंग रेलवे यार्ड में हो रही थी, जहां मैं और सनी देओल ट्रेंच (गड्ढे) के नीचे छुपे होते हैं। सीन की शूटिंग जारी थी, तभी ट्रेन अचानक से चल देती है। मुझे इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि उस ट्रेंच के ऊपर से ट्रेन जा रही थी। अगर मैं उस वक्त थोड़ी सी चूक करती या सिर उठा लेती तो मेरी गर्दन कट जाती। मगर मैं किस्मत से बच गई।”——————-