4 एक्टर्स को पीछे छोड़ पैटिनसन बने नए जेम्स बॉन्ड:बैटमैन, हैरी पॉटर फिल्मों में काम किया; 64 साल में यह सातवां बॉन्ड

हॉलीवुड एक्टर रॉबर्ट पैटिनसन को सोमवार को नया जेम्स बॉन्ड चुना गया है। उन्होंने कैलम टर्नर, जैक लॉडेन, जोश ओ’कॉनर और निकोलस हॉल्ट को पीछे छोड़कर यह किरदार हासिल किया।

पैटिनसन ने ‘द बैटमैन’, ‘हैरी पॉटर’ और ‘ट्वाइलाइट’ जैसी फिल्मों में काम किया है। 1962 में पहली बॉन्ड फिल्म रिलीज हुई थी। तब से अब तक 6 अभिनेता यह किरदार निभा चुके हैं। पैटिनसन इस भूमिका को निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे।

जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया अकाउंट पर सोमवार को 25 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया गया। इसमें पैटिनसन नजर आए। वीडियो के आखिर में लिखा था- ‘जेम्स बॉन्ड फिर लौटेगा।’

पैटिनसन ने इस किरदार को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया है। कई महीनों तक चली तलाश के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिली। अगस्त में ऑडिशन शुरू हुए थे और अक्टूबर के आखिर में फाइनल स्क्रीन टेस्ट हुए।

आने वाली 26वीं बॉन्ड फिल्म का निर्देशन डेनिस विलेन्यूव करेंगे। इसकी कहानी स्टीवन नाइट लिख रहे हैं। एमी पास्कल और डेविड हेमैन फिल्म के निर्माता हैं। हालांकि, फिल्म का नाम और रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है।

अब तक 6 अभिनेता निभा चुके हैं जेम्स बॉन्ड का किरदार

जेम्स बॉन्ड ब्रिटेन का एक काल्पनिक जासूस है। वह ब्रिटिश खुफिया एजेंसी MI6 के लिए काम करता है। उसका कोड नेम 007 है। उसकी कहानियों पर अब तक कई मशहूर फिल्में बन चुकी हैं।

1962 में पहली आधिकारिक जेम्स बॉन्ड फिल्म रिलीज हुई थी। तब से अब तक छह अभिनेता यह किरदार निभा चुके हैं। रॉबर्ट पैटिनसन इस भूमिका को निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे।

1. शॉन कॉनरी (1962-1971)

शॉन कॉनरी जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने वाले पहले अभिनेता थे। उन्होंने 1962 में आई फिल्म ‘डॉ. नो’ से 007 के रूप में शुरुआत की।

उन्होंने बॉन्ड को स्टाइलिश, निडर और हाजिरजवाब अंदाज में पेश किया। इसके बाद उन्होंने पांच और बॉन्ड फिल्मों में काम किया।

उन्होंने 1962 की फिल्म ‘डॉ. नो’ से बॉन्ड के किरदार की शुरुआत की और 1983 तक कुल सात बॉन्ड फिल्मों में अभिनय किया।

इनमें ‘फ्रॉम रशिया विद लव’ (1963), ‘गोल्डफिंगर’ (1964), ‘थंडरबॉल’ (1965), ‘यू ओनली लिव ट्वाइस’ (1967) और ‘डायमंड्स आर फॉरएवर’ (1971) शामिल हैं।

2. जॉर्ज लेजेनबी (1969)

शॉन कॉनरी के बाद ऑस्ट्रेलियाई अभिनेता जॉर्ज लेजेनबी ने जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाया। वह 1969 की फिल्म ‘ऑन हर मेजेस्टीज सीक्रेट सर्विस’ में नजर आए।

उन्होंने सिर्फ एक फिल्म में बॉन्ड की भूमिका निभाई। इस फिल्म में बॉन्ड का भावुक पक्ष भी दिखाया गया। खासतौर पर ट्रेसी के साथ उनके रिश्ते को कहानी में अहम जगह मिली।

3. रोजर मूर (1973-1985)

रोजर मूर ने 1973 की फिल्म ‘लिव एंड लेट डाई’ से जेम्स बॉन्ड के रूप में शुरुआत की।

उन्होंने इस किरदार को हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में पेश किया। मूर ने कुल सात फिल्मों में 007 की भूमिका निभाई।

इनमें ‘द मैन विद द गोल्डन गन’ (1974), ‘द स्पाई हू लव्ड मी’ (1977), ‘मूनरेकर’ (1979) और ‘ऑक्टोपसी’ (1983) शामिल हैं। उनकी आखिरी बॉन्ड फिल्म ‘अ व्यू टू अ किल’ (1985) थी।

रोजर मूर 45 वर्ष की उम्र में पहली बॉन्ड फिल्म में नजर आए थे। 58 वर्ष की उम्र में आखिरी फिल्म पूरी करने के साथ वह इस किरदार को निभाने वाले सबसे अधिक उम्र के अभिनेता बने।

4. टिमोथी डाल्टन (1987-1989)

रोजर मूर के बाद टिमोथी डाल्टन ने जेम्स बॉन्ड की भूमिका संभाली। उन्होंने इस किरदार को ज्यादा गंभीर अंदाज में पेश किया।

उन्होंने 1987 में ‘द लिविंग डे लाइट्स’ से डेब्यू किया। इसके बाद 1989 में ‘लाइसेंस टू किल’ में नजर आए।

5. पियर्स ब्रॉसनन (1995-2002)

छह साल के अंतराल के बाद पियर्स ब्रॉसनन ने 1995 में फिल्म ‘गोल्डनआई’ से जेम्स बॉन्ड के रूप में वापसी की।

उनके अंदाज में स्टाइल और एक्शन दोनों देखने को मिले। उन्होंने कुल चार बॉन्ड फिल्मों में काम किया।

इनमें ‘टुमॉरो नेवर डाइज’ (1997), ‘द वर्ल्ड इज नॉट इनफ’ (1999) और ‘डाई अनदर डे’ (2002) शामिल हैं।

6. डेनियल क्रेग (2006-2021)

डेनियल क्रेग ने 2006 में आई फिल्म ‘कैसिनो रॉयल’ से जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाना शुरू किया।

उनका अंदाज पहले के अभिनेताओं से अलग था। उन्होंने बॉन्ड को ज्यादा गंभीर, मजबूत और भावुक रूप में दिखाया।

क्रेग ने कुल पांच फिल्मों में काम किया। इनमें ‘क्वांटम ऑफ सोलेस’ (2008), ‘स्काईफॉल’ (2012), ‘स्पेक्टर’ (2015) और ‘नो टाइम टू डाई’ (2021) शामिल हैं। ‘नो टाइम टू डाई’ उनकी आखिरी बॉन्ड फिल्म थी।

7. रॉबर्ट पैटिनसन (2026 से)

रॉबर्ट पैटिनसन अब जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे। वह ‘ट्वाइलाइट’ सीरीज में एडवर्ड कलन और ‘द बैटमैन’ (2022) में ब्रूस वेन का किरदार निभा चुके हैं।

उन्होंने बड़े बजट की फिल्मों के साथ कई अलग तरह की फिल्मों में भी काम किया है। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘हैरी पॉटर एंड द गॉब्लेट ऑफ फायर’ (2005), ‘द लाइटहाउस’ (2019) और ‘टेनेट’ (2020) शामिल हैं।