आर्मी के सीनियर ऑफिसर्स की ड्रेस फिर बदलेगी:1 दिसंबर से गोरखा हैट, मैरून-ब्लैक बेरेट और रेजिमेंटल पहचान फिर लौटेगी

भारतीय सेना ने वरिष्ठ अफसरों की ड्रेस में 2023 में किए बदलाव वापस लेने का फैसला किया है। यह आदेश 1 दिसंबर से लागू होगा।

13 नवंबर के पत्र पर आधारित आंतरिक आदेश के मुताबिक, गोरखा राइफल्स के जनरल फिर अपनी पहचान वाली हैट पहन सकेंगे। स्पेशल फोर्सेज के वरिष्ठ अफसर मैरून बेरेट और बख्तरबंद रेजिमेंट के अफसर ब्लैक बेरेट पहन सकेंगे।

वरिष्ठ अफसर अधिकृत वर्दी के साथ अपनी पारंपरिक रेजिमेंट या कोर से जुड़े चिन्ह भी लगा सकेंगे। यह बदलाव ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अफसरों पर लागू होगा।

2023 में सेना ने वरिष्ठ नेतृत्व के लिए एक जैसी पहचान बनाने के लिए वर्दी के कई सामान एक जैसे कर दिए थे। उस नीति में अफसरों की मूल रेजिमेंट और सर्विस की पहचान दिखाने वाले चिन्ह हटा दिए गए थे।

पिछले हफ्ते NSG कमांडो की यूनिफॉर्म बदलने का फैसला हुआ था

ब्लैक कैट कमांडो की मशहूर काली वर्दी अब बदलने जा रही है। वजह है- भयंकर गर्मी। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) ने अपने VIP सुरक्षा में लगे कमांडो के लिए नई ब्रीदेबल यानी सांस लेने वाली यूनिफॉर्म बनाने की सिफारिश की है।

ये यूनिफॉर्म नायको कपड़े से बनेगी, जिसमें नायलॉन और कॉटन होता है। यह कपड़ा हवा और नमी को आसानी से बाहर निकलने देता है।

अप्रैल में विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा में तैनात कमांडो करीब 44 डिग्री तापमान में बेहोश हो गया था। इसके बाद ही यह फैसला लिया गया।

NSG को उम्मीद है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा तक कमांडो नई यूनिफॉर्म पहनने लगेंगे।

अब तक 6 फोर्स की यूनिफॉर्म बदली जा चुकी

  • भारतीय नौसेना के लिए 2020-21 में पहली बार डिजिटल कैमोफ्लाज यूनिफॉर्म आई। ड्रेस नंबर 10A (हल्की नीली शर्ट) को हटाया गया। अब इसे सिर्फ शुक्रवार और समंदर किनारे पर पहनने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
  • भारतीय सेना ने 15 जनवरी 2022 में NIFT के साथ डिजाइन की नई डिजिटल पैटर्न कॉम्बैट यूनिफॉर्म लॉन्च की। कपड़ा हल्का, मजबूत, सांस लेने वाला, जल्दी सूखने वाला। शर्ट टक-इन नहीं करनी पड़ती।
  • भारतीय वायुसेना ने 8 अक्टूबर 2022 को वायुसेना दिवस पर नई डिजिटल कैमोफ्लाज यूनिफॉर्म का ऐलान किया। पहली बार कॉम्बैट टी-शर्ट, नए बूट, बेल्ट, कैप-टर्बन। तीनों सेनाओं में डिजिटल पैटर्न पूरा हुआ।
  • CRPF की CoBRA फोर्स में QR 2024 में अपडेट किया गया। CoBRA को Nyco (50% नायलॉन + 50% कॉटन) वाली यूनिफॉर्म मिली। जंगल, धूप, उमस के लिए। MHA ने जुलाई 2024 में नया QR / स्पेसिफिकेशन जारी किया।
  • BSF ने जून 2025 में नई डिजिटल पैटर्न लूज फिटिंग कॉम्बैट ड्रेस लॉन्च की। कपड़ा 50:50 से बदलकर 80% कॉटन + 19% पॉलीएस्टर + 1% स्पैन्डेक्स हुआ। रंग – 50% खाकी, 45% ग्रीन, 5% ब्राउन। पैटर्न पेटेंट कराया गया।
  • CISF के लिए 6 नवंबर 2026 को ऐलान हुआ है, नई डिजिटल लाइटवेट फील्ड कॉम्बैट ड्रेस। कपड़ा 50:50 से बदलकर 80% कॉटन + 20% पॉलीएस्टर। पूरा बदलाव 1 अक्टूबर 2028 तक होगा। करीब 2 लाख जवानों पर लागू।

इसी साल भारतीय फौज की फॉर्मल ड्रेस में बंदी जैकेट शामिल हुई

इसी साल जून में भारतीय सेना ने 174 पेज की नई ‘आर्मी यूनिफॉर्म-2026’ बुक में कॉलोनियल एरा के नियमों में भी बदलाव किया था।

नए नियमों में रिव्यूइंग ऑफिसर के लिए परेड में तलवार रखना वैकल्पिक कर दिया गया है। वहीं, कुछ मैस ड्रेस के साथ इस्तेमाल होने वाली पाउच बेल्ट हटाई गई है। इसके साथ ही रॉयल जैसे पुराने शब्दों का इस्तेमाल बंद किया गया है।

पहली बार फॉर्मल सिविल ड्रेस में स्वदेशी बंदी जैकेट को भी शामिल किया गया है। बंद गले वाली बंदी जैकेट को फुल स्लीव शर्ट, फॉर्मल ट्राउजर और बंद जूतों के साथ पहना जा सकेगा।

सेना इससे पहले फरवरी 2023 में भी कई पुरानी परंपराएं खत्म कर चुकी है। इनमें समारोहों में घोड़ा-गाड़ी का इस्तेमाल, रिटायरमेंट के दौरान ‘पुल आउट’ इवेंट और डिनर में पाइप बैंड की परंपरा शामिल थी।