भोपाल से न्यूज के नाम पर 4 करोड़ की वसूली:3 फर्जी कॉल सेंटर चलाती थीं दोनों बहनें; 25 हजार सरपंच-सचिवों को किए फोन

अखबार की आड़ में वसूली का नेटवर्क चलाने वाली मोनिका सूर्यवंशी के बैंक खातों में पिछले 3 साल के दौरान करीब 4 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ है। नागपुर क्राइम ब्रांच की जांच में यह खुलासा हुआ है।

मोनिका अपनी बहन नेहा के साथ भोपाल में 3 फर्जी कॉल सेंटर चला रही थी। यहां काम करने वाली 35 लड़कियां 8 राज्यों के करीब 25 हजार सरपंचों और पंचायत सचिवों को फोन करती थीं।

उनसे अखबार में विज्ञापन छपवाने के नाम पर पैसे मांगे जाते थे। पैसे नहीं देने पर पंचायत में भ्रष्टाचार और वित्तीय गड़बड़ी की खबर छापने की धमकी दी जाती थी। मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है।

वसूली और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही

नागपुर ग्रामीण पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को भोपाल के हर्षवर्धन नगर, निशातपुरा और एमपी नगर जोन-1 स्थित तीन ठिकानों पर छापा मारा। यहां से चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने मौके से 54 मोबाइल, दो लैपटॉप, एक प्रिंटर और सरपंचों व पंचायत सचिवों के मोबाइल नंबर दर्ज 618 रजिस्टर जब्त किए हैं। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने रिमांड मांगी है।

अब बैंक खातों और कॉल रिकॉर्ड के साथ रजिस्टरों की जांच कर वसूली से जुड़े लोगों और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बुधवार को चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। इन्हें 21 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब वसूली के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

पांच साल पहले भोपाल में मीडिया में नौकरी

मोनिका मूल रूप से नरसिंहगढ़ की रहने वाली है। उसके पिता किसान हैं। करीब पांच साल पहले वह भोपाल आई थी। शुरुआत में उसने मीडिया के क्षेत्र में नौकरी की। इसके बाद ‘श्रेष्ठ न्यूज’ नाम से अखबार शुरू किया।

बाद में उसने अपनी बहन नेहा के साथ कॉल सेंटर खोले और लड़कियों को नौकरी पर रखा। पुलिस जांच के मुताबिक, इसी नेटवर्क के जरिए पंचायत प्रतिनिधियों को विज्ञापन के नाम पर पैसे देने के लिए दबाव बनाया जाता था।

ये खबर भी पढ़ें…

अखबार के दफ्तर से चल रहा था वसूली का नेटवर्क

भोपाल के टीटी नगर इलाके में एक दैनिक अखबार के कार्यालय की आड़ में कथित वसूली का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र पुलिस ने हर्षवर्धन नगर स्थित एक कार्यालय में दबिश देकर महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।