ट्रेड फेयर में कल से आम लोगों की एंट्री:3500 प्रदर्शकों के उत्पाद देखने और खरीदने का मौका; भारत मंडपम में 27 नवंबर तक चलेगा मेला

भारत मंडपम में आयोजित 45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर गुरुवार से आम दर्शकों के लिए खुल जाएगा। पांच दिन के बिजनेस डे के बाद अब लोग मेले में खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे।

27 नवंबर तक चलने वाले मेले में देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद और सेवाएं पेश कर रहे हैं। इस बार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ है।

भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) की ओर से आयोजित मेले में 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ 11 देश हिस्सा ले रहे हैं। भारत मंडपम के 17 हॉल में एक लाख वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में प्रदर्शनी लगाई गई है।

यहां इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, जूते, मसाले, फर्नीचर, कृषि उत्पाद, सौंदर्य प्रसाधन और आभूषणों की खरीदारी की जा सकेगी।