अहान शेट्टी की डेब्यू फिल्म ‘तड़प’ अब OTT पर होगी स्ट्रीम, जानें- कब और किस प्लेटफॉर्म पर?

सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी ने 2021 में तड़प के साथ बॉलीवुड डेब्यू किया। कोरोना महामारी की अनिश्चतताओं के बीच अहान की पहली फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर ठाक-ठाक प्रदर्शन किया था। फिल्म के लिए अहान को काफी तारीफें मिली थीं और उन्हें फ्यूचर स्टार बताया गया। जो दर्शक अहान की डेब्यू फिल्म सिनेमाघरों में देखने से वंचित रह गये, अब उनके लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्म देखने का मौका है।

डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आएगी तड़प

तड़प ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 28 जनवरी यानी अगले शुक्रवार को स्ट्रीम की जा रही है। इसकी जानकारी फिल्म के निर्देशक मिन लूथरिया ने सोशल मीडिया के जरिए दी। मिलन ने बताया कि 28 जनवरी को उनका जन्मदिन होता है और इस साल तड़प प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। तड़प एक रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें तारा सुतारिया ने फीमेल लीड रोल निभाया। फिल्म में अहान और तारा की कैमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था।

3 दिसम्बर को हुई थी रिलीज

तड़प पिछले साल 3 दिसम्बर को 1600 स्क्रींस पर रिलीज हुई थी। स्क्रींस की संख्या के लिहाज से देखें तो यह मध्यम आकार की रिलीज है। फिल्म ने 4.05 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था, जबकि ओपनिंग वीकेंड का कलेक्शन 13.52 करोड़ रहा था। पिछले दो सालों में यह बेस्ट स्टार किड डेब्यू रहा। फिल्म ने लगभग 25 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। दिसम्बर की शुरुआत में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में सिनेमाघर 50 फीसदी क्षमता के साथ ही चल रहे थे।

कोरोना वायरस पैनडेमिक के बाद बॉलीवुड फिल्मों को टेलीविजन से पहले ओटीटी पर उतारने का चलन बढ़ गया है। आम तौर पर थिएट्रिकल रिलीज के बाद फिल्मों की स्ट्रीमिंग के लिए 4 वीक और 8 वीक की विंडो का पालन किया जा रहा है। तड़प, जहां 8 हफ्तों के बाद ओटीटी पर आ रही है, वहीं कुछ फिल्में ऐसी हैं, जो 4 हफ्तों या इससे भी कम समय में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दी गयीं। तड़प के बाद रिलीज हुई अल्लू अर्जुन की पुष्पा- द राइज हिंदी समेत दूसरी भाषाओं में ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है। वहीं, चंडीगढ़ करे आशिकी भी ओटीटी पर आ चुकी है।