Singer KK Death News: ‘हम रहें या ना रहें कल, कल याद आएंगे वो पल…’, केके के निधन से शोक में डूबा बॉलीवुड

 बेहद लोकप्रिय पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के असामयिक निधन के दुख से उबरे भी नहीं थे कि अब संगीत के क्षेत्र से एक और दुखद खबर आ गयी। हिंदी सिनेमा के जाने-माने सिंगर केके यानी कृष्णकुमार कुन्नथ का कोलकाता में लाइव परफॉर्मेंस के बाद निधन हो गया। केके 53 साल के थे।

जानकारी के मुताबिक, केके कोलकाता में जिस होटल में ठहरे थे, उसकी सीढ़ियों पर ही गिर पड़े थे। उन्हें सीएमआरआई अस्पताल ले जाता गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। केके के निधन से बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गयी है। मध्यरात्रि के आस-पास जैसे ही सिंगर के निधन की खबर सोशल मीडिया में फैली दुख पसरता चला गया। कई सेलेब्स और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने ट्वीट करके सिंगर को श्रद्धांजलि दी।

अक्षय कुमार ने अफसोस जाहिर करते हुए इसे बड़ी क्षति बताया। निर्माता अशोक पंडित ने इस खबर को शॉकिंग और अविश्वसनीय बताते लिखा- उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। भारतीय संगीत क्षेत्र के लिए यह बड़े अफसोस की बात है। परिवार और करीबियों को दिली संवेदनाएं।

सिंगर राहुल वैद्य ने लिखा- सिंगर केके ने कभी स्मोक नहीं किया और ना ही ड्रिंक किया। उन्होंने अपना जीवन मीडिया की आपाधापी से दूर सादगी के साथ बिताया। पूरी तरह से पारिवारिक इंसान थे। जब भी मुझसे मिले, बिल्कुल अपनेपन से। भगवान ने यह ठीक नहीं किया। टीवी एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने लिखा कि हम उनके गाने सुनते हुए बड़े हुए थे। संगीतकार अनु मलिक ने भी केके के निधन पर दुख व्यक्त किया।

वहीं, अभिनेत्री कंगना रनौत ने सिंगर केके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, “केके के निधन की खबर से बहुत आश्चर्यचकित और दुखी हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।”

केके ने लगभग दो दशक तक अपने गानों से पीढ़ियों का मनोरंजन किया। नब्बे के दौर में बड़ी हो रही पीढ़ी हमेशा उनकी एहसानमंद रहेगी। केके हिंदी सिनेमा के महान गायक किशोर कुमार और संगीतकार आरडी बर्मन  के अलावा माइकल जैक्सन, बिली जोइल और ब्रायन एडम्स से बहुत प्रभावित रहे।

केके ने गायकी का सफर 1996 में दुनिया दिलवालों की और माचिस जैसी फिल्मों में सह-गायक के तौर पर शुरू किया था। मगर, 1999 में उनकी डेब्यू एल्बम पल ने उन्हें युवा पीढ़ी का चहेता बना दिया और सलमान खान की फिल्म हम दिल दे चुके सनम के गाने तड़प-तड़प ने उन्हें फिल्मी संगीत के क्षेत्र में मशहूर कर दिया था।