UP में 15 जिलों में बारिश का अलर्ट:कल से साफ होगा मौसम, अक्टूबर में बरसात ने 37 साल का रिकॉर्ड तोड़ा; आगरा-गाजियाबाद में धुंध रही

UP के मौसम विभाग ने बुधवार को 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, गुरुवार से मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बीते 24 घंटे में 10.2 मिलीमीटर बारिश पूरे प्रदेशभर में रिकॉर्ड की गई। यह औसत अनुमान से 1% होने से 978% ज्यादा है। वहीं, आगरा-गाजियाबाद में आज सुबह धुंध छायी रही। लखनऊ सहित अधिकांश शहरों में सुबह से धूप निकली है।

इन जिलों में सामान्य बारिश की संभावना
UP के बाराबंकी, बहराइच, लखनऊ, उन्नाव, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, महाराजगंज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, गोंडा, बरेली, हाथरस, महोबा, जालौन और इसके आसपास के कुछ जिलों में सामान्य बारिश हो सकती है।

UP में 37 साल का टूटा रिकॉर्ड
अक्टूबर में बारिश ने 37 साल का रिकार्ड़ तोड़ दिया है। अक्टूबर माह में 12 दिनों में ही सामान्य से 700% अधिक बारिश हो गई। यानी 137.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश से फायदा होने की जगह फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों की जरूरत के समय जून, जुलाई और अगस्त में करीब 37% बारिश कम हुई थी। पानी की जरूरत खत्म होने के बाद सितंबर के आखिरी दिनों में 52% अधिक बारिश हो गई।

कल से मौसम साफ होगा
बारिश अब थमने वाली है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने जानकारी दी है कि बुधवार को हल्की बारिश होगी। इसके बाद धीरे–धीरे मौसम साफ हो जाएगा। गुरुवार से धूप निकलेगी और तापमान भी सामान्य की स्थिति में आ जाएगा।

  • अब अन्य शहरों में मौसम कैसा है, बताते हैं…

आगरा में सीजन की पहली धुंध छाई

आगरा में बुधवार सुबह जब लोग सोकर उठे तो बाहर का नजारा देखकर चौंक गए। अक्टूबर में बारिश के बाद सीजन की पहली धुंध छाई थी। चारों तरफ धुंध की चादर दिखाई दे रही थी। सुबह-सुबह वाहन चालकों को धुंध के चलते हेड लाइट जलानी पड़ी। इसके साथ तापमान में गिरावट के चलते ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को बादल छाए रहेंगे। हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।

यमुना एक्सप्रेस-वे और लखनऊ एक्सप्रेव-वे पर दौड़ने वाले वाहनों की रफ्तार भी धुंध के चलते धीमी पड़ गई। वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ी। दो दिन की छुट्‌टी के बाद बुधवार को स्कूल जाने वाले बच्चे भी धुंध देखकर रोमांचित हो उठे। तापमान में गिरावट आने के चलते छोटे बच्चों को अभिभावकों ने गर्म कपडे़ पहनाकर स्कूल भेजा है। बुधवार सुबह 8 बजे 21 डिग्री सेल्सियस तापमान था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मेरठ में तेज धूप, दो दिन हल्की बारिश के आसार

मेरठ में बुधवार सुबह से मौसम साफ है। आसमान में सुबह से तेज धूप निकली है। इससे पहले 4 दिन तक जिले में लगातार बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार और गुरुवार को मेरठ और आसपास के जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। जहां 10 से 17 मिलीमीटर तक की बारिश होने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 25°C रहेगा।

झांसी में अगले तीन दिन बारिश की संभावना नहीं, निकली धूप

झांसी में आज सुबह से मौसम साफ है। सुबह से हल्की धूप निकली है। बीच-बीच में हल्के बादल छा रहे हैं। पिछले 4 दिनों से बारिश हो रही थी। कल शाम को भी बारिश हुई थी। मंगलवार को 14.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जबकि पिछले दस दिनों में 71.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। फिलहाल अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है।

गाजियाबाद में आज सुबह आसमान में कोहरे जैसी धुंध छायी थी। कुछ सौ मीटर दूर स्थित बिल्डिंग धुंध में दिखाई नहीं दे रही थी।