अशोक गहलोत ने PM मोदी से कहा:गांधी के कारण आपका दुनिया में सम्मान; ठग सुकेश का दावा- AAP को 50 करोड़ दिए

नमस्कार,
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को राजस्थान में आदिवासियों के प्रसिद्ध शहीद स्थली मानगढ़ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ मंच साझा किया। मोदी ने अपने 18 मिनट के संबोधन की शुरुआत हंसते हुए गहलोत की तारीफ के साथ की।

उन्होंने कहा- जब मैं मुख्यमंत्री था, तब हम मुख्यमंत्रियों की जमात में अशोक गहलोत जी हम सबसे सीनियर थे। आज भी मंच पर मौजूद शिवराज सिंह चौहान जी और भूपेन्द्र भाई के बीच वे ही सबसे सीनियर हैं। मोदी के इस बयान के बाद तीनों मुख्यमंत्री भी मुस्कुरा गए।

मोदी ने आगे कहा- आजादी के बाद इतिहासकारों ने आदिवासियों और गोविन्द गुरू के योगदान को इतिहास में जगह नहीं दी। दशकों पुरानी इस भूल को आज देश सुधार रहा है। मोदी ने इस बयान के जरिए इशारों ही इशारों में कांग्रेस पर निशाना साधा। कांग्रेस की गलती को सुधारने की बात कह दी।

वहीं जब गहलोत के बोलने की बारी आई तो उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के मुल्कों में जाते हैं तो इनका बहुत सम्मान होता है। गहलोत ने कहा कि ऐसा इसलिए होता है क्योंकि यह गांधी का देश है। यहां कांग्रेस की वजह से 70 वर्षों से लोकतंत्र कायम है।

आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक में ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे।
  • ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में बंद पड़े दो तहखानों के सर्वे पर वाराणसी कोर्ट में सुनवाई होगी।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिन के दौरे पर नगालैंड जाएंगी। कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
  • चुनाव आयोग गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. गहलोत ने PM से कहा- गांधी के कारण आपका दुनिया में सम्मान; मोदी बोले- आप सबसे सीनियर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को आदिवासियों की शहीद स्थली राजस्थान के मानगढ़ धाम पहुंचे। उन्होंने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से पहले आदिवासी समाज ने आजादी का बिगुल फूंका था। हम आदिवासी समाज के योगदानों के कर्जदार हैं। कार्यक्रम में राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश के CM भी मौजूद थे। PM ने गहलोत की मौजूदगी की तारीफ की और उन्हें सबसे सीनियर बताया। वहीं गहलोत ने कहा- प्रधानमंत्री को दुनिया में सम्मान महात्मा गांधी के कारण मिलता है। हमारी अपील है कि मानगढ़ को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करें।

2. अभिनेता सलमान खान को मिली Y+ सुरक्षा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिल रही थी जान से मारने की धमकी
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को मुंबई पुलिस की ओर से Y+ सिक्योरिटी दी जाएगी। अब उनकी सुरक्षा में 2 कमांडो और 2 PSO समेत कुल 11 लोग 24 घंटे तैनात रहेंगे। दरअसल, सलमान को काफी समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उनको धमकियां उसी गैंग से मिल रही थीं जिस पर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने का आरोप है। इससे पहले सलमान के पिता सलीम खान को भी मॉर्निंग वॉक के दौरान जान से मारने की धमकी मिली थी। महाराष्ट्र सरकार ने अक्षय कुमार और अनुपम खेर को भी X कैटेगरी की सिक्योरिटी दी है।

3. मोरबी पहुंचे PM मोदी; घायलों और पीड़ित परिवारों से मिले, टूटे ब्रिज का मुआयना किया

गुजरात में ब्रिज हादसे के दो दिन बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोरबी पहुंचे। PM ने सबसे पहले घटनास्थल पहुंचकर मच्छू नदी पर टूटे ब्रिज का मुआयना किया। इसके बाद यहां उन्होंने सिविल अस्पताल में घायलों से मिलकर उनका हाल जाना। इधर, सुप्रीम कोर्ट से पुल हादसे की न्यायिक जांच की मांग की गई है। इस पर अदालत 14 नवंबर को सुनवाई करेगी। मोरबी में 30 अक्टूबर की शाम हुए पुल हादसे में अब तक 135 शव बरामद हुए हैं। शवों की तलाश मंगलवार को भी की गई। बुधवार को यानी आज गुजरात में एक दिन का शोक घोषित किया गया है।

4. केजरीवाल कहेंगे तो भी पॉलिटिक्स में नहीं आऊंगा, भाजपा सांसद से विवाद पर बोले दिल्ली के अफसर
‘तू यहां पर डुबकी लगा चल, यहां पर लोग आएंगे डुबकी लगाने, तू लगाके दिखा पहले। तुम्हें 8 साल में याद नहीं आया। शर्म नहीं आती तुम्हें। बकवास कर रहा है यहां पर, बेशर्म घटिया आदमी।’ 29 अक्टूबर को वेस्ट दिल्ली से BJP सांसद प्रवेश वर्मा यमुना किनारे दिल्ली जल बोर्ड के एक अधिकारी संजय शर्मा पर गुस्सा उतार रहे थे। बुधवार को इस अफसर से भास्कर ने पूछा- अगर अरविंद केजरीवाल आपको बुलाएं और कहें कि AAP में शामिल होकर चुनाव लड़ो, तो क्या जवाब होगा? शर्मा ने कहा- मैं साफ तौर पर उन्हें मना कर दूंगा।

5. ठग सुकेश का दावा- AAP को 50 करोड़ दिए; मंत्री सत्येंद्र जैन ने वसूली 10 करोड़ प्रोटेक्शन मनी

जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के LG वीके सक्सेना को चिट्ठी लिखकर केजरीवाल सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन को लेकर बड़ा दावा किया है। सुकेश ने कहा कि जेल में सुरक्षा और सहूलियत के नाम पर जैन ने 10 करोड़ रुपए वसूले थे। ये रकम उनके एक करीबी के जरिए ली गई थी। सुकेश ने दावा किया कि उसने आम आदमी पार्टी (AAP) को भी 50 करोड़ रुपए दिए थे और बदले में पार्टी ने दक्षिण भारत में जिम्मेदारी सौंपने का वादा किया था। सुकेश 2017 से मंडोली जेल में है। वहीं सत्येंद्र जैन भी मनी लॉन्ड्रिंग केस में 6 महीने से तिहाड़ जेल में बंद हैं।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ की खबरों का वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर दिए फोटो पर क्लिक करें।

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

1. चोरों ने कूरियर से लौटाए चुराए हुए जेवर: गाजियाबाद में टीचर के फ्लैट में हुई थी चोरी; ज्वेलरी शॉप के नाम से भेजा पार्सल

2. चीन सरकार के विरोध में बप्पी लहरी का गाना: लॉकडाउन-भूख से परेशान लोगों ने गाया- जि मी- जि मी, यानी चावल दो 

3. मैच से पहले ही हार मान बैठे शाकिब: बांग्लादेश के कप्तान बोले- भारत वर्ल्ड कप फेवरेट, हमारे पास खोने को कुछ नहीं

4. राजस्थान, MP-गुजरात में सत्ता का फॉर्मूला आदिवासी; तीन राज्यों में 99 सीटें इनके हिस्से, 50 नजदीकी सीटों पर भी असर

5. राहुल गांधी ने चारमीनार के सामने तिरंगा फहराया: ट्वीट कर बोले- 32 साल पहले पापा ने यहीं से शरू की थी ‘सद्भावना यात्रा’

कोहली-मलाइका जैसे सेलेब्स क्यों पीते हैं काला पानी; ₹200 में मिलता है एक लीटर

बॉलीवुड और क्रिकेट से जुड़े कई सेलिब्रिटी जैसे मलाइका अरोड़ा, विराट कोहली, करण जौहर सभी ब्लैक वाटर पीते हैं। ब्लैक वाटर अल्कलाइन वाटर होता है। जिसमें कई तरह की खासियत होती है और हमारे शरीर के लिए भी काफी हेल्दी होता है। एशिया में ब्लैक वाटर की मार्केट 32 हजार करोड़ रुपए की है। जो आने वाले 3 साल में 15% और बढ़ जाएगी। 1 लीटर ब्लैक वाटर की कीमत ₹200 है। आखिर क्या खासियत है ब्लैक वाटर की?

कर्नाटक के चामराजनगर जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, कार्तिक मास का उत्सव मना रहे लोगों के ऊपर श्री वीरभद्रेश्वर मंदिर का रथ पलट गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। मामला चन्नप्पनपुरा गांव का है, जहां लोग वीरभद्रेश्वर मंदिर के रथ के साथ जुलूस निकालकर कार्तिक मास का उत्सव मना रहे थे। तभी अचानक से मंदिर परिसर में रथ का ऊपरी हिस्सा श्रद्धालुओं की भीड़ के ऊपर गिर गया।

1. आजाद भारत के पहले PM के तौर पर UNGA में नेहरू का भाषण

आजाद भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर जवाहर लाल नेहरू ने 3 नवंबर 1948 को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को पहली बार संबोधित किया था। पेरिस में तीसरे UNGA में बोलते हुए नेहरू ने कहा था कि मैं ऐसे देश से आया हूं, जिसने लंबे, शांतिपूर्ण संघर्ष के बाद आजादी पाई है। हमारे महान नेता (महात्मा गांधी) ने संघर्ष के दिनों में हमें सिखाया कि अच्छे उद्देश्य को हासिल करना है, तो रास्ते भी अच्छे होने चाहिए। नेहरू ने अपने संबोधन में संयुक्त राष्ट्र महासभा को भविष्य की राह दिखाई थी। उन्होंने कहा था कि नफरत और हिंसा से दुनिया की समस्या का समाधान नहीं निकलने वाला। इसके लिए आर्थिक समस्याओं को दूर करना होगा।

2. रूस ने पहली बार कुत्ते को स्पेस में भेजा, सड़क से उठाया गया था

1957 में 3 नवंबर को ही सोवियत संघ ने स्पूतनिक 2 लॉन्च किया, जिसमें लाईका नाम के एक कुत्ते को भी अंतरिक्ष में पृथ्वी की कक्षा में भेजा गया था। वह स्पेस में जाने वाली पहली जीवित प्राणी बनी। लाईका 6 किलो की थी। वह दो साल की मिक्स ब्रीड फीमेल डॉग थी। सोवियत स्पेसफ्लाइट प्रोग्राम के लिए उसे सड़कों से उठाया गया था। छोटी जगहों पर मेल डॉग्स के मुकाबले फीमेल डॉग्स बेहतर ढंग से एडजस्ट कर सकते हैं, इस वजह से लाईका को चुना गया। सैटेलाइट 14 अप्रैल 1958 को पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते समय नष्ट हो गया था। हालांकि, लाइका कितने समय जीवित रही, यह एक बड़ा रहस्य है। मॉस्को में 2008 में लाईका की मूर्ति के साथ एक छोटा सा स्मारक भी बनाया गया है। रूसी भाषा में लाईका भौंकने को कहा जाता है, और वहीं से इसका नाम पड़ा।

सिंह और वृश्चिक राशि के नौकरीपेशा लोगों के लिए दिन अच्छा है। कुंभ राशि वालों की इनकम बढ़ सकती है।