अडाणी मुद्दे पर संसद में आज फिर हंगामा:लोकसभा-राज्यसभा 12 बजे तक स्थगित; अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 10% चढ़े

अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर संसद में आज फिर हंगामा हुआ। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के नेताओं ने नारेबाजी की और अडाणी मामले पर चर्चा की मांग की। स्पीकर ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। उधर, अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर आज 10% चढ़कर कारोबार कर रहे हैं।

अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 10% चढ़े, पोर्ट 8% ऊपर
अडाणी ग्रुप के स्टॉक्स में आज जोरदार तेजी है। एंटरप्राइजेज के शेयर 10% चढ़कर कारोबार कर रहे हैं। ये 157.25 रुपए बढ़कर 1,729.95 रुपए पर पहुंच गए। इसके अलावा अडाणी पोर्ट भी 8% ऊपर है। अडाणी ट्रांसमिशन और अडाणी विल्मर में करीब 5% की तेजी है। वहीं, अडाणी ग्रुप की सीमेंट कंपनी ACC और अंबुजा सीमेंट में भी करीब 3% की तेजी है। हालांकि अडाणी पावर 3.5% और अडाणी टोटल गैस 5% नीचे हैं।

विपक्षी दलों की बैठक
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में आज एक जैसी विचारधारा वाली विपक्षी पार्टी के फ्लोर नेताओं की बैठक हुई। कांग्रेस के जयराम रमेश ने ट्वीट किया- ज्यादातर विपक्षी दलों ने आज से संसदीय कार्यवाही में भाग लेने का फैसला किया है। हम PM से जुड़े अडाणी महाघोटाले के लिए JPC की अपनी मांग जारी रखेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, AAP और BRS ने संसदीय चर्चा में हिस्सा लेने से इनकार किया है। नेताओं का कहना है कि जब तक JPC नहीं बनाई जाती, तब तक कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे।

क्या है कांग्रेस सहित दूसरे दलों की मांग
विपक्षी दलों की मांग है कि अडाणी ग्रुप के वित्तीय लेनदेन की जांच संसदीय पैनल (JPC) या सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से करवाई जाए। इसके लिए सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने देशभर में LIC और SBI के ऑफिस के बाहर की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि सरकार अडाणी पर संसद में बहस नहीं चाहती। सरकार डरी हुई है। मोदीजी पूरी कोशिश करेंगे कि अडाणी पर संसद में बहस नहीं हो। मैं 2-3 साल से यह मुद्दा उठा रहा हूं। अडाणी के पीछे कौन सी शक्ति है। यह सामने आना चाहिए। कांग्रेस के पास 15 विपक्षी पार्टियों का समर्थन हैं।

अडाणी अमीरों की लिस्ट में 18वें स्थान पर खिसके
शेयरों में गिरावट के बाद गौतम अडाणी की नेटवर्थ 60 बिलियन डॉलर हो गई है। पिछले साल ये 150 बिलियन डॉलर के करीब थी। सोमवार को जारी हुई फोर्ब्स की अमीरों की रियल टाइम लिस्ट में अडाणी 18वें स्थान पर आ गए। शुक्रवार को वह 22वें स्थान पर खिसक गए थे। 27 फरवरी के पहले अडाणी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे और एशिया में पहले नंबर पर थे।

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद बीते 13 दिन की बड़ी बातें...
24 जनवरी: हिंडनबर्ग ने 106 पेज की रिपोर्ट जारी कर अडाणी ग्रुप पर शेयर बाजार में धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे बड़े आरोप लगाए।
27 जनवरी: अडाणी एंटरप्राइजेज 20,000 करोड़ का FPO लाया। पहले दिन सिर्फ 1% सब्सक्रिप्शन मिला। इस ऑफर का प्राइस बैंड 3112 से 3276 रुपए प्रति शेयर रखा गया था।
29 जनवरी: अडाणी एंटरप्राइजेज का FPO फुल सब्सक्राइब हो गया। इसी दिन अडाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को गलत बताया। कहा- यह भारत पर साजिश के तहत हमला है। ग्रुप ने 413 पन्नों में इसका जवाब दिया।
30 जनवरी: हिंडनबर्ग रिसर्च ने कहा- अडाणी से 88 सवाल पूछे गए। उनमें से वो 62 का जवाब देने में विफल रहे। धोखाधड़ी को राष्ट्रवाद के नाम पर छुपाया नहीं जा सकता। हिंडनबर्ग ने अडानी ग्रुप के जवाब को ब्लोटेड रिस्पॉन्स करार दिया।
1 फरवरी: अडाणी ग्रुप ने 20 हजार करोड़ रुपए के फुली सबस्क्राइब्ड FPO को रद्द कर इन्वेस्टर्स का पैसा लौटाने की बात कही।
2 फरवरी: गौतम अडाणी ने FPO रद्द करने के बाद एक वीडियो मैसेज दिया। इसमें उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए निवेशकों का हित सर्वोपरि है।’ इसी दिन संसद पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया RBI ने देश की सभी बैंकों से अडाणी ग्रुप को दिए कर्ज और निवेश का ब्योरा मांगा है। NSE ने अडाणी ग्रुप के तीन शेयरों को शॉर्ट टर्म के लिए एडिशनल सर्विलांस मेजर्स (ASM) लिस्ट में शामिल किया।
3 फरवरी: एडवोकेट एमएल शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर निवेशकों का शोषण करने और उन्हें ठगने के लिए हिंडनबर्ग रिसर्च के फाउंडर नाथन एंडरसन और उनके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
6 फरवरी: सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दाखिल कर रिटायर्ड जज की अगुआई में अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट की जांच कराने की मांग की गई है।