मूडीज ने अडाणी की 4 कंपनियों की रेटिंग निगेटिव की:इन कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में भारी गिरावट के चलते बदला रेटिंग आउटलुक

अडाणी ग्रुप की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। ग्रुप की कई कंपनियों के शेयर में गिरावट के बीच गौतम अडाणी को एक और झटका लगा है। अब मूडीज इंवेस्टर्स सर्विस ने ग्रुप की 4 कंपनियों के रेटिंग आउटलुक को स्टेबल से बदलकर निगेटिव कर दिया है।

मूडीज ने अडाणी ग्रीन एनर्जी, अडाणी ग्रीन रिस्ट्रिक्टिड ग्रुप, अडाणी ट्रांसमिशन स्टेप-वन और अडाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड को अब निगेटिव रेटिंग आउटलुक के तहत रखा है। मूडीज इंवेस्टर्स सर्विस के अनुसार इन कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में भारी गिरावट के चलते रेटिंग आउटलुक को निगेटिव किया गया है।

फिर टॉप 20 से बाहर हुए अडाणी
अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर में गिरावट के चलते गौतम अडाणी की नेटवर्थ गिरकर 4.78 लाख रुपए (58 अरब डॉलर) पर आ गई है। जो एक दिन पहले तक 60 अरब डॉलर के ऊपर थी। अडाणी की नेटवर्थ में शुक्रवार को 19.80 हजार रुपए (2.4 अरब डॉलर) की गिरावट आई। इस गिरावट के चलते वो फोर्ब्स के रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट में 17वें नंबर से खिसककर फिर से 22वें नंबर पर आ गए हैं।

अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर शुक्रवार को 3.78% की गिरावट के साथ 1,853 रुपए पर बंद हुआ। अडाणी विल्मर 1.21% गिरा। इसके अलावा अडाणी ट्रांसमिशन, टोटल गैस, पावर और ग्रीन में 5-5% की गिरावट आई।

NSE से अडाणी को राहत
NSE ने अडाणी पोर्ट्स और अंबुजा सीमेंट्स को एडिशनल सर्विलांस फ्रेमवर्क से बाहर कर दिया है। इस महीने की शुरुआत में एक्सचेंज ने अडाणी ग्रुप के तीन शेयरों अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी पोर्ट्स और अंबुजा सीमेंट्स को एडिशनल सर्विलांस मेजर्स (ASM) में रखा था। एक्सचेंज ने बहुत ज्यादा अस्थिरता को रोकने के लिए इन शेयरों को निगरानी में रखा था। शॉर्ट टर्म एएसएम फ्रेमवर्क वाले शेयरों में ट्रेडिंग के समय निवेशकों को इंट्राडे ट्रेंडिंग के लिए भी 100% मार्जिन का भुगतान करना होता है। NSE के इस फैसले से अडाणी ग्रुप को थोड़ी राहत मिली है।