अडाणी-हिंडनबर्ग विवाद का असर LIC पर भी देखने को मिल रहा है। इसी का नतीजा है की LIC का शेयर अपने ऑलटाइम लो के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को LIC का शेयर 584.70 रुपए पर बंद हुआ, जो कि इसके ऑल टाइम लो, 582 रुपए से थोड़ा ही ऊपर था। हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद से LIC के शेयर लगभग 17% गिर गया है। पिछले महीने 24 जनवरी को जब हिंडनबर्ग रिपोर्ट आई थी तब LIC का शेयर 702 रुपए पर था।
अडाणी के शेयर्स में गिरावट से LIC को 50 हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान
अडाणी ग्रुप के शेयरों में LIC का 24 जनवरी को टोटल इन्वेस्टमेंट की वैल्यू 81,268 करोड़ रुपए थी, जो 24 फरवरी 2023 को गिरकर 32 हजार के करीब आ गई है। इस हिसाब से LIC को अडाणी ग्रुप में निवेश से अब तक 50 करोड़ से ज्यादा नुकसान हुआ है।
LIC की अडाणी ग्रुप की किस कंपनी में कितनी हिस्सेदारी
कंपनी | हिस्सेदारी | वैल्यू (रुपए में) |
अडाणी पोर्ट्स | 9.1% | 11,036 |
अडाणी एंटरप्राइजेज | 4.2% | 6,340 |
अडाणी टोटल गैस | 6.0% | 4,940 |
अंबुजा सीमेंट | 6.3% | 4,333 |
अडाणी ट्रांसमिशन | 3.7% | 2,899 |
ACC | 6.4% | 2,082 |
अडाणी ग्रीन | 1.3% | 987 |
शुक्रवार को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5.11% गिरा
शुक्रवार को अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 8 में गिरावट रही। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5.11% गिरा। इसके अलावा अडाणी ट्रांसमिशन, पावर, टोटल गैस और ग्रीन एनर्जी में 5-5% की गिरावट रही। वहीं NDTV में 4.22%, अडाणी विल्मर में 2.22% और ACC में 0.032% की गिरावट देखने को मिली। सिर्फ अडाणी पोर्ट्स में 1.44% और अंबुजा सीमेंट में 2.26% की तेजी रही।
हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद से ग्रुप का मार्केट कैप 61.6% गिरा
अडाणी ग्रुप को लेकर 24 जनवरी को हिंडरबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद से ग्रुप का मार्केट कैप 61.6% या 11.8 लाख करोड़ रुपए घटकर अब 7.4 लाख करोड़ रुपए हो गया है। हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि ग्रुप के सात शेयर 85% से जायादा ओवरवैल्यूड है।
ग्रुप के शेयरों में अडाणी टोटल गैस का शेयर सबसे ज्यादा टूटा है। ये पिछले 21 सेशन में 20 सेशन में लोअर सर्किट पर बंद हुआ है। गुरुवार के 5% नुकसान के बाद, स्टॉक अब 25 जनवरी से अपने मूल्य का लगभग 80% खो चुका है।
24 जनवरी को इसका मार्केट कैप 4.3 लाख करोड़ रुपए था जो अब 87,242 करोड़ रुपए पर आ गया है। अडाणी ग्रीन एनर्जी और ट्रांसमिशन को करीब 73% का नुकसान हुआ है। अडाणी एंटरप्राइजेज, पिछले एक महीने में अपने मूल्य का लगभग 60% खो चुकी है।