शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (3 मार्च) को खरीदारी नजर आ रही है। सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा मजबूत हुआ है। ये 59,600 के पार कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 200 से ज्यादा अंक चढ़कर 17550 के पार निकल गया है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में तेजी है। SBI, NTPC, पावर ग्रिड टॉप गेनर्स में शामिल है। एशियन पेंट और अल्ट्राटेक सीमेंट में गिरावट है।
अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में खरीदारी
अडाणी ग्रुप शेयरों में आज लगातार चौथे दिन रैली देखने को मिल रही है। सभी 10 शेयर बढ़कर कारोबार कर रहे हैं। फ्लैगशिप कंपनी एंटरप्राइजेज का शेयर 10% से ज्यादा बढ़ा है। अडाणी पोर्ट्स में भी 6% से ज्यादा की तेजी है। पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस और विल्मर भी 5% की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं। ग्रुप के सीमेंट स्टॉक ACC में 2.5% और अंबुजा में 3.5% से ज्यादा की तेजी है। मीडिया स्टॉक NDTV भी 5% चढ़ा है।
दिवगी टॉर्कट्रांसफर का IPO 38% सब्सक्राइब
व्हीकल पार्ट्स बनाने वाली कंपनी दिवगी टॉर्कट्रांसफर सिस्टम्स के आईपीओ को बोली के दूसरे दिन गुरुवार को 38% सब्सक्रिप्शन मिला। आईपीओ के तहत की गई 38,41,800 शेयरों के ऑफर पर 14,49,000 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
FII और DII दोनों नेट बायर्स
गुरुवार के कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) नेट बायर्स रहे। NSE पर उपलब्ध प्रोविजनल डाटा के अनुसार 2 मार्च को FII ने बाजार में 12,770.81 करोड़ रुपए की खरीदारी की। इस दौरान डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) भी नेट बायर्स रहे। उन्होंने 2,128.80 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
गुरुवार को सेंसेक्स 501 अंक गिरकर बंद हुआ था
शेयर बाजार में गुरुवार (2 मार्च) को बिकवाली देखने को मिली थी। सेंसेक्स 501 अंक गिरकर 58,909 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी कमजोरी रही थी। ये 130 अंक गिरकर 17,320 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट और सिर्फ 5 में तेजी रही थी।