लुफ्थांसा बोली- फ्लाइट में टर्बुलेंस के फोटो-वीडियो डिलीट करें:चार हजार फीट नीचे गिरने के बाद वॉशिंगटन में इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी

लुफ्थांसा की एक फ्लाइट में एयर टर्बुलेंस के चलते अमेरिका के वॉशिंगटन में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। घटना 1 मार्च की बताई जा रही है। अब खबर सामने आई है कि एयरलाइंस ने यात्रियों को फोटो खींचने और वीडियो बनाने से मना कर दिया था। जिन लोगों ने वीडियो बनाए उनसे इन्हें हटाने के लिए कहा गया, लेकिन कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट LH469 37 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रही थी। तभी टर्बुलेंस हुआ और फ्लाइट लगभग 4 हजार फीट नीचे गिर गई। एयर-टर्बुलेंस की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि 7 यात्रियों को चोट आई। लैंडिंग के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। फिलहाल टर्बुलेंस की वजह सामने नहीं आई है।

टेक्सास से फ्रैंकफर्ट जा रही थी फ्लाइट
फ्लाइट टेक्सास के ऑस्टिन से जर्मनी के फ्रैंकफर्ट जा रही थी। टेनेसी स्टेट से गुजरने के दौरान टर्बुलेंस हुआ, यानी उड़ान के समय हवा अनियंत्रित होकर फ्लाइट के विंग से टकराने लगी। इससे विमान भी अनियंत्रित होने लगा और यात्रियों को झटके लगने शुरू हो गए।

पैसेंजर बोलीं- हम नीचे जा रहे थे, डर लग रहा था
एक पैसेंजर रोलांडा श्मिट ने कहा- टर्बुलेंस के बाद विमान अनियंत्रित होकर ऊपर-नीचे होने लगा। कुछ समय बाद ये एकदम से नीचे जाने लगा। हम बहुत डर गए। कुछ समझ नहीं आ रहा था। फ्लाइट के अंदर रखा सामान जैसे- खाना, बर्तन उड़ने और गिरने लगे। इस दौरान मुझे काफी चोट आई। 6 अन्य लोग भी घायल हो गए।

उन्होंने कहा- लोग फोटो खींचने लगे और वीडियो बनाने लगे। इसी बीच क्रू ने अनाउंस किया की कोई वीडियो नहीं बनाएगा। उन्होंने फोटो-वीडियो डिलीट करने को कहा। हालांकि, दूसरी अनाउंसमेंट में उन्होंने कहा कि ये सब हमारी सुरक्षा और पैसेंजर प्राइवेसी के लिए है।

जर्मनी की लुफ्थांसा एयरलाइंस के कम्प्यूटर सिस्टम में बुधवार को तकनीकी खराबी आई। इसके चलते दर्जनों उड़ानें रद्द कर दी गईं। कंपनी ने अपने बयान में कहा- IT सिस्टम फेल होने से यह दिक्कत हुई है।