जींद में युवक की पीट-पीट कर हत्या:शरीर पर मिले ईंट-डंडों से मारपीट के निशान; पेट में तेजधार हथियार घोंपा

हरियाणा के जींद के गांव संगतपुरा में 23 वर्षीय एक युवक की अज्ञात लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी है। युवक पेंटर था और रात को फोन अपने के बाद घर से बाहर निकला था। उसके बाद घर वापस नहीं लौटा था। घर वालों ने सुबह सडक़ के साथ लगते प्लाट में उसके शव को पड़ा देखा। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक सोनी के बड़े भाई रोहताश ने बताया कि उसका छोटा भाई 23 वर्षीय सोनी सफेदी का कार्य करता था। उनके पड़ोस में शादी का कार्यक्रम था। रात को सोनी घर लौट आया था, लेकिन उसके फोन पर किसी की कॉल आई, जिसके बाद वह वापस बाहर चला गया। सुबह परिजनों ने सोनी के शव को खाली प्लाट में पड़ा देखा।

सोनी के चेहरे पर ईंटों के साथ वार किए गए थे तो वहीं पेट में तेजधार हथियार भी घोंपा गया था। शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे। रोहताश ने शक जताते हुए कहा कि उसके भाई की हत्या गांव के ही अजय, वजीर, विकास आदि ने की है। सदर थाना के जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की ईट मारकर हत्या की गई है। परिजनों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के बड़े भाई ने गांव के ही कुछ युवकों पर हत्या के आरोप लगाए हैं।