देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर थर्ड फ्रंट के लिए कवायद शुरू हो गई है। इस कड़ी में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी जोर-शोर से जुट गई हैं। तीन दिन पहले उन्होंने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने ओडिशा का रुख किया है। ममता बुधवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मिलेंगी। इससे पहले ममता जगन्नाथ पुरी जाएंगी। वे वहां पूजा अर्चना करेंगी।
ममता के ओडिशा दौरे को लोकसभा 2024 के चुनाव के मद्देनजर विपक्षी गठबंधन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस से दूरी बनाने का फैसला किया है। अभी इसमे सिर्फ सपा और TMC ही साथ आए हैं। माना जा रहा है कि विपक्षी दलों के गठबंधन में बीजू जनता दल के प्रमुख नवीन पटनायक भी शामिल हो सकते हैं।
ममता-अखिलेश ने बनाया नया मोर्चा
समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पिछले शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। अखिलेश ने कहा कि भगवा खेमे को हराने के लिए सपा मजबूती से TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ खड़ी रहेगी।
अखिलेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बंगाल में हम ममता दीदी के साथ हैं। हम भाजपा और कांग्रेस दोनों से समान दूरी बनाए रखना चाहते हैं।