पाकिस्तान के पेशावर शहर में शुक्रवार दोपहर एक सिख दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग के बाद बाइक पर आए दोनों हमलावर बड़ी आसानी से फरार भी हो गए। इस घटना के एक दिन पहले, यानी बुधवार को कराची में एक हिंदू डॉक्टर की इसी तरह हत्या की गई थी। इसके दो दिन पहले कराची में ही एक नाबालिग हिंदू लड़की को किडनैप किया गया था।
दुकान पर थे दयाल सिंह
पुलिस के मुताबिक- मारे गए सिख का नाम दयाल सिंह था। वो पेशावर के दीर इलाके में किराने की दुकान चलाते थे। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे दयाल सिंह अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो लोग आए और दयाल पर फायरिंग शुरू कर दी।
हमले के बाद आरोपी बड़ी आसानी से फरार भी हो गए, जबकि ये काफी भीड़ वाला इलाका है। सड़क के किनारे पर एक पुलिस चौकी भी मौजूद है। इसके बावजूद आरोपियों को भागने में कोई दिक्कत नहीं हुई।
30 गोलियां मारी गईं
पुलिस के मुताबिक, दयाल को कुल 30 गोलियां मारी गईं। घटना का CCTV फुटेज पुलिस ने हासिल कर लिया है, लेकिन ये अब तक मीडिया के हाथ नहीं लगा है। पेशावर में करीब 15 हजार सिख रहते हैं। ये लोग ज्यादातर जोगन शाह इलाके में रहते हैं। पेशावर खैबर पख्तूनख्वा राज्य की राजधानी है। यहां 2 महीने पहले तक इमरान खान की पार्टी की सरकार थी। पाकिस्तान में सबसे ज्यादा तालिबानी हमले इसी राज्य में होते रहे हैं।
हिंदू डॉक्टर की भी हत्या
कराची में गुरुवार को एक हिंदू डॉक्टर बीरबल जेनानी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आई स्पेशलिस्ट जेनानी कराची मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन में हेल्थ डिपार्टमेंट के सीनियर डायरेक्टर के पद पर रह चुके थे। पुलिस ने इस घटना को टारगेट किलिंग बताया है।
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर जेनानी अपनी असिस्टेंट डॉक्टर के साथ रामस्वामी इलाके से गुलशन-ए-इकबाल स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान एक गनमैन ने उनकी कार पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले से कार अनियंत्रित हो गई और एक दीवार से टकरा गई, जिससे डॉ. जेनानी की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी असिस्टेंट को भी गोलियां लगी हैं।
होली खेलने पर स्किन स्पेशलिस्ट की हत्या
पाकिस्तान के हैदराबाद में 7-8 मार्च की दरमियानी रात एक हिंदू डॉक्टर की हत्या कर दी गई थी। 60 साल के डॉक्टर धरम देव राठी स्किन स्पेशलिस्ट थे। उनका कत्ल उनके ड्राइवर हनीफ लेघारी ने किया था, जिसके बाद वो फरार हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि मौत से कुछ देर पहले डॉक्टर धरम देव ने अपने दोस्तों के साथ होली सेलिब्रेट की थी। इससे उनका ड्राइवर हनीफ नाराज था और उसने घर लौटने पर डॉक्टर का गला रेतकर हत्या कर दी थी।
हिंदू महिला डॉक्टर को होस्टल में मार डाला था
- तीन साल पहले कराची में हिंदू मेडिकल छात्रा की हत्या की गई थी। छात्रा का नाम नम्रता चंदानी था। नम्रता लरकाना के बीबी आसिफा डेंटल कॉलेज में डॉक्टर और प्रोफेसर थीं। नम्रता का शव उनके हॉस्टल के कमरे में पलंग पर मिला था। गले में रस्सी बंधी हुई थी।
- पुलिस ने इसे खुदकुशी बताने की कोशिश की थी। बाद में मेडिकल रिपोर्ट्स आईं तो साफ हो गया कि नम्रता की रेप के बाद हत्या की गई है। नम्रता का भाई विशाल और पिता भी डॉक्टर हैं। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने सरकार से इस मामले की सही जांच की मांग की थी।
- हैरानी की बात है कि उस वक्त पाकिस्तान ने इस मामले की जांच के लिए एक फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई थी और इसके दोनों जजों ने सुनवाई से इनकार कर दिया था। इस मामले में नम्रता के दो साथियों को हिरासत में लिया गया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। सतनाम सिंह पेशावर में डॉक्टर थे। उनका कत्ल जून 2022 में क्लीनिक में किया गया था।