अरब सागर में आ रहा चक्रवात बिपरजॉय अगले 24 घंटे में और खतरनाक होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि यह अरब सागर में उत्तर-उत्तर पूर्वी तरफ बढ़ रहा है। रविवार या सोमवार तक इसके गुजरात पहुंचने की संभावना है। 10 से 12 जून तक 80 से 120 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इसके चलते IMD ने गुजरात, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है। गुजरात के वलसाड में तीथल बीच को 14 जून तक के लिए बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गुजरात के पोरबंदर से 640 किमी दूर है तूफान का केंद्र
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल बिपरजॉय तूफान गुजरात के पोरबंदर से 640 किमी दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में केंद्रित है। तूफान के रविवार या सोमवार तक दक्षिण गुजरात पहुंचने की संभावना है। इसके चलते मछुआरों को तट पर लौटने को कहा गया था और सभी बंदरगाहों को निर्देश दिए गए थे कि वे डिस्टेंट वॉर्निंग सिग्नल भेजें।
सूरत के कलेक्टर ने मीडिया को बताया कि हम अलर्ट मोड पर हैं और सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे हेडक्वॉर्टर न छोड़ें। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स टीमों को स्टैंडबाई मोड पर रखा गया है और तटीय इलाकों पर बसे गावों के लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया जाएगा।
अगले तीन दिन 100 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवाएं
अहमदाबाद के मौसम विभाग केंद्र की डायरेक्टर मनोरमा मोहन्ती ने बताया कि तूफान के चलते 10, 11 और 12 जून को हवा 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। हवा 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकती है। इस दौरान गुजरात और सौराष्ट्र के तटीय इलाकों में हल्की बारिश और आंधी चलने का अनुमान है।
मानसून शनिवार तक कर्नाटक-तमिलनाडु में दस्तक देगा
केरल के बाद मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह शनिवार तक कर्नाटक और तमिलनाडु पहुंच जाएगा। दूसरी ओर, साउथ तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसूनी बारिश शुरू हो गई। मानसून अगले दो दिनों में पूरे तमिलनाडु और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों को कवर कर लेगा।
IMD के अनुसार, मानसून 10 जून तक दक्षिण से बढ़ते हुए महाराष्ट्र पहुंचेगा। फिर पूर्वोत्तर के राज्यों को कवर कर पश्चिम बंगाल से बिहार की तरफ बढ़ेगा। 15 जून तक मानसून की वजह से गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पूरे बिहार में बारिश शुरू हो जाएगी।