मणिपुर में लगातार तीसरे दिन हिंसक घटनाएं हुईं। थोरबंग और कांगवे में गुरुवार सुबह से फायरिंग हो रही है। दोनों जगहों पर मैतेई और कुकी आमने सामने हैं।
मणिपुर में बुधवार को भी म्यांमार बॉर्डर पर फायरिंग और आगजनी हुई थी। इस इलाके में कुकी समुदाय की तादाद ज्यादा है।
आज जहां हिंसा जारी है, हिंसा के बीच मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने मिजोरम में कुकी समुदाय के समर्थन में निकाली गई रैली पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हमारे अंदरूनी मामलों में दखल ना दिया जाए।
रैली में शामिल हुए थे मिजोरम CM जोरमथांगा
कुकी समुदाय के समर्थन में निकाली गई रैली में मिजोरम के CM जोरमथांगा ने भी हिस्सा लिया था। दावा है कि आइजोल की रैली में 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। बीरेन सिंह ने कहा कि जोरमथांगा को दूसरे राज्य के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
CM सिंह ने कहा, ‘यह राज्य सरकार की ड्रग कार्टेल के खिलाफ लड़ाई है। मणिपुर सरकार राज्य में रहने वाले कुकी समुदाय के खिलाफ नहीं है। राज्य सरकार मणिपुर में होने वाली सभी घटनाओं पर नजर रख रही है। उन लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन ले रही है, जो मणिपुर की अखंडता को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं।’
हिंसा के बाद से 13 हजार कुकी मिजोरम पहुंचे
हिंसा की वजह से मणिपुर से कुकी-जोमी समुदाय के करीब 13 हजार लोगों ने पलायन कर पड़ोसी राज्य मणिपुर में शरण ली है। दरअसल, मिजोरम के मिजो जनजाति का म्यांमार के कुकी-जो जनजाति और चिन समुदाय के साथ मजबूत संबंध है। यही वजह है कि यहां कुकी समुदाय के समर्थन में रैली निकाली गई।
26 जुलाई: गांव में आगजनी, फायरिंग
26 जुलाई को म्यामांर बॉर्डर के करीब मोरे गांव के घरों में आगजनी और फायरिंग हुई। मोरे गांव म्यांमार बॉर्डर से लगा हुआ है। इसमें गांव में कुकी और मैतेई दोनों समुदायों के लोग रहते हैं। हालांकि, कुकी लोगों की संख्या ज्यादा है।
25 जुलाई: सुरक्षाबलों की बस में आग लगाई
कांगपोकपी जिले में भीड़ ने 25 जुलाई को सुरक्षाबलों की दो बसें जला दीं। अधिकारियों ने बताया कि शाम को दो बसें दीमापुर से आ रही थीं। भीड़ ने उन्हें रोका और चेक किया कि उनमें विरोधी समुदाय के लोग तो नहीं हैं। इस बीच बसों में आग लगा दी गई। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
मणिपुर पुलिस ने कहा- सेना की बसें जलाने के आरोप में एक नाबालिग समेत 9 लोगों को अरेस्ट किया गया है। उधर महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने के वायरल वीडियो वाले मामले में अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।