यूपी के 34 जिलों में अलर्ट, लखनऊ-कानपुर में रातभर बारिश:3 की मौत, 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; पहाड़ों पर बर्फबारी से बदला मौसम

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से उत्तर प्रदेश की हवाएं सर्द हो गईं हैं। 24 घंटे से वेस्ट यूपी के तकरीबन सभी शहरों में बारिश हो रही है। आगरा में बर्फबारी हुई, तो लखनऊ-कानपुर में रात से ही लगातार बारिश जारी है। जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। आगरा में भी बारिश हुई।

इकाना में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के मैच के दौरान आंधी से होर्डिंग्स गिर गए। अयोध्या में आंधी के कारण पेड़ की डाल टूटकर एक राहगीर के सिर पर गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। शामली में आकाशीय बिजली गिरने से 2 मजदूरों की मौत हो गई है।

सुबह सहारनपुर में भी तेज बारिश हुई। मेरठ-बिजनौर में धूल भरी आंधी चली। इसके बाद जमकर बारिश हुई। मथुरा और अयोध्या में तेज हवाओं की वजह से छुटपुट हादसे भी हुए। ज्यादातर शहरों में बारिश की वजह से जलभराव हुए। लोगों को बिजली कटौती से भी परेशानी हुई।

आज भी आंधी-पानी का पूर्वानुमान
अब मौसम विभाग के अलर्ट के बारे में बात करें तो मंगलवार को 12 जिलों में ऑरेंज और 22 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को उत्तराखंड की हिमालय रेंज में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इसके बाद ठंडी हवाओं ने मैदानी इलाकों को भी अपनी आगोश में लेना शुरू कर दिया है।

लखनऊ में 24 घंटे में 0.6 मिली मीटर बारिश
बीते 24 घंटे में लखनऊ में 0.6 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई है। लखनऊ में बारिश का औसत अनुमान मौसम वैज्ञानिकों ने जीरो होने की संभावना जताई थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे यानी बुधवार की सुबह तक आकाशीय बिजली गिरना और अचानक तेज हवाएं जारी रहने वाली हैं। करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।

इन जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक फतेहपुर, रायबरेली, कानपुर नगर, मैनपुरी, इटावा, कासगंज, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद में 40 से 60 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। मेघगर्जन के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।