दिल्ली की 3 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने कैंडिडेट घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने दिल्ली महिला आयोग (DCW) चीफ स्वाति मालीवाल, संजय सिंह और नारायण दास गुप्ता को टिकट दिया है।
संजय सिंह शराब घोटाले में अभी जेल में बंद हैं। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें जेल से ही चुनाव लड़ने की अनुमति दे दी है। इसके बाद उन्होंने जेल से ही चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। उनका यह दूसरा कार्यकाल होगा। वहीं, पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट नारायण दास गुप्ता का भी ये दूसरा टर्म होगा।
27 जनवरी को दिल्ली में राज्यसभा की 3 सीटें खाली होने वाली हैं। इन पर 19 जनवरी को चुनाव होना है। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया 3 जनवरी से शुरू हो गई है। राज्यसभा में AAP के कुल 10 सदस्य है। बीजेपी, कांग्रेस और TMC के बाद सांसदों के लिहाज से AAP चौथी सबसे बड़ी पार्टी है।
स्वाति मालीवाल 2015 में DCW चीफ बनी थीं
स्वाति मालीवाल महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक मुद्दों के लिए लड़ने वाली एक एक्टिव वकील रही हैं। वे महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा, उसे रोकने के लिए कानून बनाने और जेंडर इक्वलिटी को बढ़ावा देने से जुड़े कई आंदोलनों से जुड़ी रही हैं। साल 2015 में उन्हें दिल्ली महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था।
सुशील कुमार गुप्ता की जगह स्वाति को मिला मौका
AAP के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता का कार्यकाल इसी महीने समाप्त होने वाला है। पार्टी ने कहा कि सांसद सुशील गुप्ता ने आगे हरियाणा की चुनावी राजनीति में काम करने की इच्छा जाहिर की है। वे हरियाणा में AAP प्रभारी हैं, जहां इस साल के अंत में चुनाव होने हो सकते हैं। आम आदमी पार्टी के एक सीनियर नेता ने कहा कि हम सुशील कुमार गुप्ता के इस फैसले का सम्मान करते हैं। पार्टी ने उनकी जगह स्वाति मालीवाल को राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है।
2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होंगे
2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होने वाले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा 32 सांसद बीजेपी से, 11 कांग्रेस, TMC के 4 और अन्य 14 पार्टियों के सांसद शामिल हैं।