राहुल की न्याय यात्रा को असम पुलिस ने रोका:गुवाहाटी शहर के अंदर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, कांग्रेस समर्थक पुलिस से भिड़े

राहुल गांधी की न्याय यात्रा मंगलवार को गुवाहाटी पहुंची, जिसे असम पुलिस ने रोक दिया। राहुल अपने काफिले के साथ गुवाहाटी शहर में जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी। पुलिस ने गुवाहाटी सिटी जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद कांग्रेस समर्थक पुलिस से भिड़ गए।

असम पुलिस का कहना है कि न्याय यात्रा शहर में गई तो ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ जाएगी। प्रशासन ने रैली को नेशनल हाईवे पर जाने का निर्देश दिया है। यह शहर के चारों ओर रिंग रोड की तरह काम करता है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस के बीच पिछले कई दिनों से जुबानी जंग चल रही है। कांग्रेस सरमा पर यात्रा को प्रभावित करने का आरोप लगाती आ रही है। सरमा भी कांग्रेस को कई जिलों में नहीं जाने की सुझाव दे चुके हैं।

25 जनवरी तक असम में रहेगी कांग्रेस की यात्रा
राहुल की न्याय यात्रा 18 जनवरी को नगालैंड से असम पहुंची थी। 20 जनवरी को यात्रा अरुणाचल प्रदेश गई, फिर 21 को असम लौट आई। इसके बाद यात्रा 22 जनवरी को मेघालय निकली और मंगलवार को एक बार फिर असम पहुंची। राहुल की न्याय यात्रा 25 जनवरी तक असम में रहेगी।

यूनिवर्सिटी के छात्रों से बोले राहुल- आपको गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही
10वें दिन की यात्रा की शुरुआत राहुल गांधी ने असम-मेघालय सीमा पर युवाओं से बातचीत करके की। उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा कि मैं आपकी यूनिवर्सिटी आकर आपसे बात करना चाहता था और ये समझना चाहता था कि आप किन मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

लेकिन, देश के गृह मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री को फोन किया और फिर असम के मुख्यमंत्री ने आपकी यूनिवर्सिटी के लीडर्स को फोन करके कहा कि राहुल गांधी को स्टूडेंट्स से बात न करने दी जाए। ये बेहद जरूरी है कि आप जिसे सुनना चाहते हैं, उसे सुनने की आपको इजाजत दी जाए।

उन्होंने कहा कि आपसे कहा जा रहा है कि आपको आंखें बंद करके RSS और इस देश की सरकार की बातें माननी है। आपको कहा जा रहा है कि आपके पास कल्पनाशक्ति नहीं होनी चाहिए। आपको कहा जा रहा है कि आप अपनी भाषा नहीं बोल सकते हैं, कि आपको अपना इतिहास भूलना होगा। आपको गुलाम बनाने की कोशिशें की जा रही हैं।