एलन मस्क अब दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी नहीं हैं। फ्रांसीसी अरबपति और लुई वितॉ मोएट हेनेसी (LVMH) के CEO बर्नार्ड अरनॉल्ट उन्हें पीछे छोड़कर पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। टेस्ला के शेयरों में गिरावट के कारण मस्क की नेटवर्थ में कमी आई है।
फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर्स लिस्ट के अनुसार अरनॉल्ट की नेटवर्थ अब 207 बिलियन डॉलर (करीब 17.20 लाख करोड़ रुपए) है, जबकि एलन मस्क की नेटवर्थ 204 बिलियन डॉलर (करीब 16.96 लाख करोड़ रुपए) है। वहीं जेफ बेजोस करीब 15.04 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ तीसरे नंबर पर है।
भारत का कोई भी बिलेनियर इस लिस्ट में टॉप टेन में शामिल नहीं है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 104 बिलियन डॉलर (करीब 8.64 लाख करोड़ रुपए) की नेटवर्थ के साथ 11वें स्थान पर हैं। वहीं गौतम अडाणी लिस्ट में 16वें नंबर पर हैं। उनकी नेटवर्थ 75 बिलियन डॉलर (6.23 लाख करोड़ रुपए) है।
टेस्ला का शेयर इस साल अब तक 26% से ज्यादा टूटा
मस्क की कंपनी टेस्ला के स्टॉक में इस साल अब तक 26% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। ये 1 जनवरी को 248.42 डॉलर पर था जो अभी (28 जनवरी) 183.25 डॉलर पर आ गया है। स्टॉक प्राइस गिरने के कारण मस्क की नेटवर्थ गिरी है। वहीं LVMH के शेयर में इस साल अब तक 7% की तेजी देखने को मिली है।
बर्नार्ड अरनॉल्ट कौन हैं?
बर्नार्ड अरनॉल्ट को मॉडर्न लग्जरी फैशन इंडस्ट्री का गॉडफादर माना जाता है। ये दुनिया के सबसे बड़े फैशन ग्रुप लुई वितॉ मोएट हेनेसी () के फाउंडर, चेयरमैन और सबसे बड़े शेयरहोल्डर हैं। बर्नार्ड का ग्रुप मार्केट कैप के लिहाज अपने नजदीकी कॉम्पिटिटर केरिंग से करीब चार गुना ज्यादा बड़ा है। LVMH की 60 सहायक कंपनियों के 75 लग्जरी ब्रांड्स हैं।