करनाल की टेक्सटाइल फैक्ट्री में लगी आग:5 करोड़ रुपए का सामान धू-धूकर जला; डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड

हरियाणा में करनाल के कोहंड गांव में कृष्णा टेक्सटाइल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री में पड़ा करोड़ों रुपए का माल धू-धू करके जल गया। आग इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री की दीवारें भी ढहनी शुरू हो गईं। फैक्ट्री में चार मशीनें लगी हुई हैं। प्रत्येक मशीन की कीमत 40 से 50 लाख रुपए है।

5 से साढ़े 5 करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फैक्ट्री के हालात देख मालिक भी बिलखते नजर आए। जिस वक्त आग लगी उस समय फैक्ट्री में काम चल रहा था। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा तफरी मच गई। करीब 5 घ्ंटे बाद आग पर काबू पाया गया। हालाकि अभी अंदर सामान में आग लगी हुई है। सुबह जब आग लगी तो फायर ब्रिगेड को कॉल किया गया, लेकिन डेढ़ घंटे बाद फायर की गाड़ी पहुंची।

4 साल से कर रहे फैक्ट्री में पॉलिस्टर फाइबर का काम
पानीपत सेक्टर 18 निवासी हिमांशु गुप्ता और अर्पित गुप्ता के नाम पर फैक्ट्री है। कोहंड में करीब 4 साल से वह फैक्ट्री में पॉलिस्टर फाइबर बनाने का काम कर रहे हैं। हिमांशु और अर्पित ने बताया कि उनके पास आज सुबह साढ़े 6 बजे कॉल आया था। जिसके बाद वह फैक्ट्री पहुंच गए थे, लेकिन जब वे पहुंचे तो आग काफी ज्यादा फैल चुकी थी और फैक्ट्री धू-धू करके जल रही थी।

हमने फायर वालों को कॉल किया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद फायर की गाड़ियां पहुंची हैं। इससे सारा माल जल गया और वहां पर अफरा-तफरी मची हुई थी। आग इतनी भयानक थी कि जिसे देखकर आदमी की रूह कांप जाए। पानीपत और करनाल की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और वहां पर आग बुझाने का काम शुरू किया।

एक्सपोर्ट का काम भी चल रहा था धीमा
फैक्ट्री मालिक ने बताया कि अभी एक्सपोर्ट का काम धीमा था और अब पानीपत की मंडियां खुली थीं। जिसके बाद काम में तेजी आने की संभावना थी। करीब 100 टन से ज्यादा माल फैक्ट्री में पड़ा हुआ था। लेकिन, सब जलकर राख हो गया है। हम परेशान हैं कि क्या करें। अब आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

CCTV से लगेगा आग लगने के कारणों का पता
हिमांशु गुप्ता ने बताया कि फैक्ट्री में CCTV कैमरे भी लगे हुए हैं। DVR मिल गया तो CCTV फुटेज को चेक किया जाएगा, ताकि आग लगने के कारणों का पता चल पाए। उन्होंने बताया कि पहले भी फैक्ट्री में आग लग जाती थी, लेकिन उसे फैक्ट्री में लगे हाईड्रेंट की मदद से बुझा दिया जाता था। लेकिन, आज की आग इतनी भयानक थी कि इस पर काबू नहीं पाया जा सका। दमकल विभाग की 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर करीब 5 धंटे बाद काबू पाया।

ERV 416 के इंचार्ज सत्यनारायण ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी। हमारी टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है। अंदर पड़े सामान में अभी भी आग है। जिससे बुझने में अभी समय लगेगा। इस के लिए दमकल विभाग की एक गाड़ी को फैक्ट्री में तैनात कर दिया गया है।