PM मोदी ने कहा- हम लोकसभा में 370 सीटें जीतेंगे:अधीर रंजन ने पूछा- उन्हें कैसे पता, क्या इसका राज EVM में छुपा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (5 फरवरी) को संसद में कहा था- ‘देश का माहौल बता रहा है कि अबकी बार 400 पार। अकेले भाजपा 370 सीटें जीतेगी। अब तो ये बात देश ही नहीं, खड़गे जी भी बोल रहे हैं।’

PM लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। अपनी 100 मिनट की स्पीच में PM ने कांग्रेस, परिवारवाद, भ्रष्टाचार, रोजगार, महंगाई, राम मंदिर पर बात की।

PM के इस दावे पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने सवाल उठाए हैं। अधीर ने मंगलवार (6 फरवरी) को संसद की कार्यवाही से पहले पूछा- चुनाव के पहले मोदी जी को कैसे पता लगता है कि 370 सीट आएंगी। अगर कोई दावे के साथ यह कह रहा है इसका मतलब अंदर कोई राज है, जो EVM में भी छिपा है।

उनके दावे से यह लग रहा है कि इसमें भी मोदी जी का हाथ रहेगा। आखिर में हमारे चुनाव का मजाक उड़ाया जाएगा। उनके चुनाव में हेरा-फेरी करने के नापाक मंसूबे तय हो चुके हैं।

प्रधानमंत्री के बयान पर विपक्ष के तीन अन्य नेताओं ने क्या कहा…

  • नेशनल कॉन्फ्रेंस चीफ फारूक अबदुल्ला- मैं कुछ नहीं कहूंगा, उनके पास तिलिस्मी चिराग है। जो बोलते हैं, हो सकता है वही होगा। जम्मू-कश्मीर में क्या होगा, ये वक्त बताएगा।
  • कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल- अब चुनाव की कोई जरूरत नहीं है। उन्हें पहले ही 400 सीटें मिल चुकी हैं तो चुनाव का क्या मतलब है। लोकतंत्र में, सब कुछ जनता तय करती है।
  • कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुडा- बार-बार एक ही बात उठाना ठीक नहीं है। वे नारा दे सकते हैं, लेकिन फैसला जनता करेगी।

विधानसभा चुनाव के बाद EVM पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे…

1. दिग्विजय सिंह ने EVM में गड़बड़ी का डेमो दिया था
पिछले साल मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के बाद राज्यसभा सांसद और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने 24 जनवरी को आईआईटियन अतुल पटेल की मदद से EVM के मॉडल में गड़बड़ी का डेमो दिया था। साथ ही निर्वाचन आयोग से दो सवाल भी पूछे थे। हालांकि कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने अपने बड़े भाई पर सवाल उठाते हुए कहा था कि EVM का डेमो देने की क्या जरूरत थी।

2. मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायकों ने बताया- कैसे जीते चुनाव
मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस महज 66 सीटें ही जीत पाई है। करारी हार के बाद कई सीनियर लीडर ने EVM पर सवाल उठाए। किसी ने कहा कि जहां हमें वोट मिलने थे, वहां भाजपा को वोट मिले। वहीं, एक विधायक ने कहा कि बहुत सारे लोग EVM को लेकर सवाल उठा रहे हैं, कुछ न कुछ तो गड़बड़ है।

राहुल के मैकेनिक अवतार पर भी मोदी का तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इशारों-इशारों में राहुल गांधी के मैकेनिक अवतार के बहाने I.N.D.I.A ब्लॉक पर भी तंज किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस के लोगों ने नया-नया मोटर मैकेनिक का काम सीखा है, इसलिए अलायनमेंट क्या होता है, इसका ज्ञान तो हो ही गया होगा, लेकिन अलायंस का अलायनमेंट बिगड़ गया।

दरअसल, राहुल गांधी 28 जून 2023 को दिल्ली के करोलबाग में एक मोटर मैकेनिक के दुकान पहुंचे थे, यहां उन्हें गाड़ी की रिपेयरिंग करते देखा गया। PM का तंज इसी तस्वीर को लेकर था। उन्होंने इस तस्वीर के बहाने ममता बनर्जी के अलग चुनाव लड़ने वाले बयान को अलायंस के अलायनमेंट बिगड़ने से जोड़ा।