राज्यसभा जाएंगी सोनिया गांधी:कांग्रेस ने राजस्थान से प्रत्याशी बनाया, भाजपा ने ओडिशा से रेल मंत्री वैष्णव को उतारा

27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को भाजपा ने 5 और कांग्रेस ने 4 कैंडिडेट के नाम घोषित किए। भाजपा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को मध्य प्रदेश से प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने सोनिया गांधी को राजस्थान से टिकट दिया है। आज वे नॉमिनेशन फाइन करने जयपुर पहुंची हैं।

भाजपा की आज दूसरी लिस्ट जारी हुई है। इसमें वैष्णव और मुरुगन के अलावा मध्य प्रदेश से उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं कांग्रेस की लिस्ट में सोनिया गांधी के अलावा, अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश, डॉ. आखिलेश प्रसाद सिंह को बिहार और चंद्रकांत हंडोरे को महाराष्ट्र से प्रत्याशी बनाया गया है।

इससे पहले भाजपा ने रविवार (11 फरवरी) को 7 राज्यों से 14 लोगों के नाम की घोषणा की थी। इनमें उत्तर प्रदेश से कांग्रेस से भाजपा में आए आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन शामिल हैं।

इसके अलावा हरियाणा से सुभाष बराला, बिहार से धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, बंगाल से सामिक भट्टाचार्य, कर्नाटक से नारायणा कृष्णासा भांडगे और छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह का नाम लिस्ट में शामिल है।

27 फरवरी को राज्यसभा की 56 सीटों पर चुनाव होंगे

राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। चुनाव आयोग इसके लिए 8 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी कर चुका है। 15 फरवरी को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख है। 27 फरवरी को ही रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।

2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होंगे
2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होने वाले हैं। इसमें 9 केंद्रीय मंत्री हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित 56 नेता अप्रैल में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।