दिल्ली में भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन:हरियाणा की 10 लोस सीटों पर भी मंथन; BJP-JJP गठबंधन पर होगी रायशुमारी, CM-विज रवाना

भारतीय जनता पार्टी का दिल्ली में राष्ट्रीय अधिवेशन आज से शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन में हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर भी मंथन किया जाएगा। इसके लिए हरियाणा से मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गृह मंत्री अनिल विज के अलावा हरियाणा पार्टी प्रभारी बिप्लब देब, प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी और सुधा यादव भी दिल्ली पहुंचे हैं। इस अधिवेशन में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया जाएगा।

अधिवेशन में सर्वे रिपोर्ट होगी पेश

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व हाल ही में कराए गए सर्वे की रिपोर्ट पर मंथन करेगा। हरियाणा में भी केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी की ग्राउंड रिपोर्ट मंगाने के लिए कई बड़ी एजेंसियों से सर्वे कराया है। इस सर्वे की रिपोर्ट पर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा की होगी। सबसे अहम बात यह है कि हरियाणा के सभी 10 सांसदों का रिपोर्ट कार्ड भी सर्वे कंपनियों के द्वारा पेश किया जाएगा।

BJP-JJP गठबंधन पर होगी चर्चा

हरियाणा में भाजपा जजपा के साथ गठबंधन सरकार चल रही है। 2019 में बहुमत नहीं मिल पाने के कारण भाजपा ने ये गठबंधन किया है। अब चूंकि विधानसभा से पहले लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में इस चुनाव में दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन रहेगा कि नहीं, यह बड़ा मुद्दा बना हुआ है। हालांकि भाजपा के नेता सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं। वहीं जजपा ने भी भाजपा से अलग सूबे के सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

11000 पदाधिकारी दिल्ली पहुंचेंगे

बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुभाष बराला ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर आज पार्टी की दिल्ली में बैठक है। बैठक में 11000 से ज्यादा पदाधिकारी दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस बार हमारा लक्ष्य 400 के पार सीटे जीतने का रखा गया है। जिस तरीके से देश का माहौल चल रहा है 400 तक जरूर पहुंचेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सुभाष बराला ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में कहीं नजर नहीं आ रही है। कांग्रेस को देश की जनता ने नकार दिया हैं।