रामपुर में अंबेडकर का बोर्ड लगाने पर बवाल:पथराव-फायरिंग में दलित छात्र की मौत, 2 घायल; गुस्साई भीड़ ने DSP की गाड़ी तोड़ी

रामपुर में मंगलवार देर शाम भीमराव अंबेडकर का बोर्ड लगाने को लेकर बवाल हो गया। फायरिंग में 10वीं के छात्र की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि 2 लोग घायल हैं। गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। इसमें CO यानी DSP की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

छात्र के परिजनों ने पुलिस और राजस्व कर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसके साथ ही शव को घटनास्थल पर रखकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। फिलहाल, मौके पर भारी संख्या में फोर्स तैनात है।

15 दिन पहले पुलिस ने हटवाया था कब्जा
घटना थाना मिलक क्षेत्र सिलईबड़ा गांव की है। यहां ग्राम समाज की जमीन है। इसे लेकर दलित और गंगवार समाज के बीच विवाद चल रहा है। दरअसल, दलित समाज इस जमीन पर अंबडेकर की मूर्ति और बोर्ड लगाना चाहता है। मगर, गंगवार समाज के लोग इसका विरोध करते हैं। 15 दिन पहले यह मामला पुलिस तक पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने इसे जमीन को खाली करवाया था।

सोमवार को कुछ लोगों ने जमीन पर अंबेडकर पार्क का बोर्ड लगाया दिया। दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से फायरिंग और पत्थरबाजी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने की सूचना पर CO मिलक थाने की फोर्स मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाने की हर कोशिश की।

मगर लोग मानने को तैयार नहीं थे। इसी बीच फायरिंग में 17 साल के दलित छात्र सुमेश को गोली लग गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। सुमेश सुबह ही 10 की परीक्षा देकर लौटा था। पथराव में अमित और रमन घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिसवालों ने भागकर बचाई जान
इसके बाद गुस्साई भीड़ ने पुलिसवालों पर पथराव कर दिया। DSP सहित अन्य पुलिस वालों ने भागकर जान बचाई। हालांकि, ग्रामीणों ने DSP की गाड़ी और पुलिस कर्मियों की जीप को तोड़ दिया है। इससे के बाद दलित समाज के लोगों ने छात्र का शव रखकर सड़क जाम कर दिया। परिवार वालों ने राजस्वकर्मियों, पुलिस और गंगवार समाज पर हत्या का आरोप लगाया है।

मंडल आयुक्त बोले- दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी
गांव वालों ने मृतक के परिजनों को 1 करोड़ रुपए और घायलों को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही अंबेडकर की मूर्ति की स्थापना करने की मांग भी की है। हंगामे की सूचना मिलने पर मुरादाबाद मंडल आयुक्त आंजनेय सिंह मौके पर पहुंचे।

मुरादाबाद मंडल आयुक्त आंजनेय सिंह ने कहा कि गोली लगने से एक युवक की मौत और दो लोग घायल हो गए हैं। पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया गया है कि घटना में जो भी दोषी होगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में स्थिति नियंत्रण में है।