आज किसान करेंगे बड़ा ऐलान:पंधेर बोले- पंजाब और केंद्र की हिल जाएगी सियासत; मांग मानने के लिए होना पड़ेगा मजबूर

किसान आंदोलन-2 का आज 13 मार्च को 30वां दिन है। हरियाणा-पंजाब के हजारों किसान शंभू-खनौरी के साथ डबवाली बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसान नेता सरवण सिंह पंधेर आज दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बड़ा ऐलान करेंगे।

किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक और किसान-मजदूर मोर्चा द्वारा बड़ा ऐलान किया जाएगा। इस ऐलान के बाद पंजाब और केंद्र की सियासत हिल जाएगी और सरकार किसानों की मांगें पूरी करने के लिए मजबूर हो जाएगी। पंधेर ने कहा कि दोपहर बाद 3 बजे तक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। सरकार पंजाब को आर्थिक नुकसान पहुंचा रही है। व्यापारी वर्ग को काफी नुकसान हो रहा है।

पंधेर बोले- हरियाणा को खुली जेल बनाया
हरियाणा को खुली जेल बना दिया है। दिल्ली के व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। कहा कि भाजपा सरकार 400 पार का नारा दे रही है। केंद्र सरकार ने CAA लागू किया। सरकार चाहती है कि हिंदू-मुस्लिम और हिंदू-सिख आपस में भिड़ें, लेकिन इनकी कोई सुनने वाला नहीं है। पंधेर ने कहा कि सरकार को किसानों की मांगों का हल करना पड़ेगा। मांग पूरी होने तक किसान आंदोलन जारी रहेगा।

अब तक 9 किसानों की मौत, चार दौर की वार्ता विफल
अब तक किसान आंदोलन में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 3 पुलिस मुलाजिम भी शामिल हैं। किसान MSP की गारंटी का कानून बनाने समेत अन्य कई मांगों पर अडिग हैं। अब तक सरकार के साथ हुई चार दौर की वार्ता विफल रही। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती वे धरने पर डटे रहेंगे।

उधर, संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने 14 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत रखी है। इसे किसान-मजदूर महापंचायत नाम दिया है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी भी हिस्सा लेंगे।

अब जानिए, किसान आंदोलन के 29 दिनों में क्या हुआ…

13 फरवरी को सुबह 10 बजे फायरिंग : पंजाब से किसान 12 फरवरी की शाम को ही शंभू बॉर्डर पर पहुंच गए। 13 फरवरी की सुबह उन्होंने हरियाणा पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। रबड़ की गोलियां चलाईं। शंभू की तरह खनौरी और डबवाली बॉर्डर पर भी हालात नाजुक रहे।

14 फरवरी को खनौरी बॉर्डर पर बिगड़े हालात : शंभू बॉर्डर पर झड़प के बाद प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन पर SLR से सीधी फायरिंग की। इसके बाद खनौरी बॉर्डर पर भी किसानों और पैरामिलिट्री फोर्स के बीच झड़प हुई। यहां किसानों ने जवानों के हेलमेट और लाठियां छीन लीं।

15 फरवरी को पंजाब में टोल फ्री कराए, ट्रेनें रोकीं : आंसू गैस के इस्तेमाल से नाराज पंजाब के दूसरे किसान संगठनों ने आंदोलन का समर्थन किया। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने 3 घंटे के लिए पंजाब के सभी टोल प्लाजा फ्री करवाए। भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) ने 6 जिलों में 4 घंटे ट्रेनें रोकीं।

16 फरवरी को ग्रामीण भारत बंद, हरियाणा में टोल फ्री : किसानों ने ग्रामीण भारत बंद बुलाया। इस दौरान पंजाब-हरियाणा में रोडवेज बसें बंद रहीं। हरियाणा में BKU (चढ़ूनी) ने 3 घंटे सारे टोल फ्री कराए। इस दिन गुरदासपुर के किसान ज्ञान सिंह की शंभू बॉर्डर पर हार्ट अटैक से मौत हो गई।

वहीं, ड्यूटी पर तैनात GRP के सब-इंस्पेक्टर हीरालाल की भी मौत हुई। इसकी वजह आंसू गैस के गोले से दम घुटना बताया गया। पुलिस पर हमले के आरोप में हरियाणा पुलिस ने किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ और उनके 5 साथियों पर FIR दर्ज की। शाम को किसान संगठनों ने शांति बनाए रखने का फैसला किया।

17 फरवरी को पंजाब में भाजपा नेताओं के घर घेरे : शंभू बॉर्डर पर दिनभर शांति रही। हरियाणा के सभी जिलों में BKU (चढ़ूनी) ने ट्रैक्टर मार्च निकाले। पंजाब में BKU (उगराहां) ने सारे टोल फ्री कराए। पंजाब BJP प्रधान सुनील जाखड़, पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह और बरनाल में भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लो के घर के बाहर धरना दिया गया।

18 फरवरी को बैठक में केंद्र ने दिया प्रपोजल : इस दिन BKU क्रांतिकारी के नेता मनजीत सिंह ने खनौरी बॉर्डर पर दम तोड़ दिया। चंडीगढ़ में देर शाम केंद्रीय मंत्रियों और किसानों की मीटिंग हुई। इसमें सरकार ने 5 फसलों- मक्की, कपास, मसूर, उड़द और तुअर को 5 साल तक MSP पर खरीदने का प्रपोजल दिया।

19 फरवरी को किसानों ने केंद्र का प्रस्ताव ठुकराया : किसान नेता सरवन सिंह पंधेर और जगजीत डल्लेवाल ने केंद्र सरकार के प्रपोजल को खारिज कर दिया। डल्लेवाल ने कहा कि इसका फायदा सिर्फ उन्हीं किसानों को मिलेगा जो धान-गेहूं को छोड़ेगा।

पंजाब कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू ने इसे कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग की कोशिश बताया। किसान नेता पंधेर ने 21 फरवरी की सुबह 11 बजे दिल्ली कूच का ऐलान किया।

20 फरवरी को शंभू बॉर्डर पहुंचीं बड़ी-बड़ी मशीनें, एक और मौत : हरियाणा पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने के लिए किसान JCB और हाइड्रोलिक क्रेन जैसी हैवी मशीनरी लेकर पहुंचे। बुलेटप्रूफ पोकलेन मशीन भी लाए। हरियाणा पुलिस के DGP शत्रुजीत कपूर ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंजाब के DGP गौरव यादव को लेटर लिखा। टोहाना बॉर्डर पर एक SI की मौत हुई।

21 फरवरी को दिल्ली कूच की कोशिश, युवा किसान की मौत : किसानों ने दोपहर में दिल्ली कूच की कोशिश की। इससे पहले केंद्र से 5वीं वार्ता का मैसेज आया। किसान फैसला ले पाते, उससे पहले खनौरी बॉर्डर पर हिंसक झड़प हो गई, जिसमें बठिंडा के युवा किसान शुभकरण की मौत हो गई।

शंभू बॉर्डर पर आगे बढ़ने की कोशिश के वक्त हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इससे आंदोलन की अगुआई कर रहे सरवण पंधेर और जगजीत डल्लेवाल की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद दिल्ली कूच 2 दिन के लिए टाल दिया गया।

22 फरवरी को शंभू-खनौरी बॉर्डर पर शांति : शंभू और खनौरी बॉर्डर पर दिन भर शांति रही। इस दौरान किसान पंजाब सीमा में बैठे रहे। वहीं, हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स बैरिकेडिंग पर डटी रहीं।

23 फरवरी को दिल्ली कूच 29 फरवरी तक टला : युवा किसान शुभकरण के परिवार को पंजाब सरकार ने एक करोड़ और बहन को सरकारी नौकरी देने की बात कही। किसान आरोपियों पर FIR करने की मांग पर अड़े। किसान नेता पंधेर और डल्लेवाल ने कहा कि 29 फरवरी को दिल्ली कूच को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।

24 फरवरी को कैंडल मार्च निकाला : ​​​​​शंभू और खनौरी बॉर्डर पर शाम को कैंडल मार्च निकाला गया। सरकार ने हरियाणा के 7 जिलों में मोबाइल इंटरनेट पर बैन बढ़ाया। वहीं, आंदोलन में लापता किसान प्रीतपाल के रोहतक PGI में भर्ती होने की सूचना के बाद पंजाब के चीफ सेक्रेटरी अनुराग वर्मा ने हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी संजीव कौशल को पत्र लिखा। इसके बाद किसान को चंडीगढ़ रेफर किया गया।

25 फरवरी हरियाणा में इंटरनेट सेवा पर लगी रोक हटी : 11 दिन से बंद दिल्ली के टीकरी बॉर्डर और सिंघु बॉर्डर को अस्थायी तौर पर खोला गया। हरियाणा के 7 जिलों में मोबाइल इंटरनेट पर लगी रोक हटी। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में 11 फरवरी की सुबह 6 बजे से इंटरनेट बंद था। किसान शंभू और खनौरी बॉर्डर पर वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (WTO) को लेकर हुए सम्मेलन में नुकसान के बारे में बताया गया। फतेहाबाद के गांव समैन में खाप पंचायतों व कई गांवों के ग्रामीणों की महापंचायत हुई।

26 फरवरी को किसानों का ट्रैक्टर मार्च : संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन के समर्थन में ट्रैक्टर मार्च निकाला। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर WTO के पुतले फूंके गए। किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि अभी आंदोलन खत्म नहीं होगा। उनकी मांगें पूरी होने तक हम बॉर्डर पर बैठे रहेंगे।

27 फरवरी को एक और किसान की मौत : शंभू और खनौरी बॉर्डर पर 15वें दिन किसानों का शांतिपूर्ण ढंग से धरना जारी रहा। सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि दिल्ली कूच को लेकर मीटिंग चल रही हैं, कल यानी बुधवार को इस पर फैसला लिया जाएगा। वहीं, खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन के दौरान एक और किसान पटियाला के रहने वाले करनैल सिंह (50) की मौत हो गई। अभी तक किसान आंदोलन में 8 लोग जान गंवा चुके हैं। इनमें 3 पुलिस कर्मचारी भी शामिल हैं।