पानीपत के सरकारी अस्पताल में मिला भ्रूण:इमरजेंसी वार्ड के डस्टबिन में फेंक आरोपी फरार; 4 माह का है, CCTV खंगाल रही पुलिस

हरियाणा के पानीपत में सिविल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड के डस्टबिन में आज एक भ्रूण पड़ा मिला। मरीज के साथ आए तीमारदारों ने इसे देखा तो, इसकी सूचना तुरंत अस्पताल के अधिकारियों व डॉक्टरों को दी। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अस्पताल के अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल करने के बाद भ्रूण को वहां से उठाया गया। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।

वाटर कूलर से पानी पीने आए लोगों ने देखा
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7 बजे उन्हें अस्पताल से सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो वहां कुछ लोग मिले। जिन्होंने बताया कि उनका एक मरीज भर्ती है। सुबह वे डस्टबीन के पास लगे वाटर कूलर से पानी पीने आए थे। उस समय देखा कि डस्टबिन में एक बच्चे जैसा भ्रूण पड़ा हुआ है।

भ्रूण करीब 4 माह का था। उसके हाथ-पैर भी बने हुए थे। अस्पताल कर्मियों ने भ्रूण को डस्टबीन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे एक पट्‌टी में लपेट कर शवगृह में रखवाया। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी खंगाल रही है।