कांग्रेस CEC की बैठक जारी, सोनिया-खड़गे मौजूद:तेलंगाना के उम्मीदवारों की लिस्ट आ सकती है; अब तक 212 कैंडिडेट्स का ऐलान

कांग्रेस आज यानी सोमवार (1 अप्रैल) को तेलंगाना के प्रत्याशियों का ऐलान कर सकती है। कांग्रेस मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्‌डी समेत कई कांग्रेस नेता शामिल हैं।

यह पार्टी की दसवीं लिस्ट होगी। कांग्रेस अब तक देशभर में 212 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। इसके पहले 29 मार्च को कांग्रेस ने नौवीं लिस्ट का ऐलान किया था। ​​​इसमें राजस्थान के 2 कैंडिडेट के नाम बदले गए और कर्नाटक से 3 उम्मीदवारों का नाम घोषित किया गया था।

कांग्रेस की आठवीं लिस्ट में 4 राज्यों के 14 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया था। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से सुप्रिया श्रीनेत का टिकट काटा था। 2019 में उन्होंने यहां से चुनाव लड़ा था, पर हार गई थीं। इस साल कांग्रेस ने इस सीट से वीरेंद्र चौधरी को उतारा है। फिलहाल सामने नहीं आया है कि पार्टी ने श्रीनेत का टिकट क्यों काटा है। हालांकि, इसे कंगना रनोट पर विवादित पोस्ट करने की कॉन्ट्रोवर्सी से जोड़कर देखा जा रहा है।

कांग्रेस ने 7वीं लिस्ट में 5 कैंडिडेट्स का ऐलान किया था
कांग्रेस ने मंगलवार (26 मार्च) को 5 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया था। यह पार्टी की 7वीं लिस्ट थी। इसमें छत्तीसगढ़ से 4 और तमिलनाडु से एक कैंडिडेट थे।

छत्तीसगढ़ की सरगुजा सीट से शशि सिंह, रायगढ़़ से मेनका देवी सिंह, बिलासपुर से देवेंद्र सिंह यादव, कांकेर से ब्रजेश ठाकुर और तमिलनाडु की मायलाआदुथुरई सीट से एडवोकेट आर. सुधा को मैदान में उतारा गया है।

25 मार्च को भी 5 कैंडिडेट्स का ऐलान था
कांग्रेस ने सोमवार (25 मार्च) को 5 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया था। इसमें राजस्थान से 4 और तमिलनाडु से एक कैंडिडेट है। कोटा से प्रहलाद गुंजल, अजमेर से रामचंद्र चौधरी, राजसमंद से सुदर्शन सिंह रावत, भीलवाड़ा से दामोदर गुर्जर को ​टिकट दिया गया है।

गुंजल राजस्थान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी रहे हैं। वे 2 बार कोटा उत्तर से MLA रहे, लेकिन पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे। उनके भाजपा छोड़ कांग्रेस में आने से हाड़ौती क्षेत्र में कांग्रेस को फायदा होने की उम्मीद है।

कांग्रेस ने इसके अलावा सोमवार को जारी सूची में तमिलनाडु के तिरुनलवेली से सी रॉबर्ट ब्रूस को प्रत्याशी घोषित किया था।

कांग्रेस ने रविवार (24 मार्च) को तीन कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया था। इसमें राजस्थान से दो और महाराष्ट्र से एक कैंडिडेट है। राजस्थान में जयपुर से प्रताप सिंह खाचरियावास को टिकट दिया गया। जयपुर से पहले सुनील शर्मा को टिकट दिया गया था। वहीं, दौसा से मुरारी लाल मीणा को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र की चंद्रपुर सीट पर प्रतिभा धनोरकर को टिकट दिया है। 2019 लोकसभा चुनाव में चंद्रपुर सीट पर प्रतिभा के पति सुरेश धनोरकर जीते थे। पिछले साल मई में सुरेश का निधन हो गया था। कांग्रेस ने 23 मार्च को 45 नामों का ऐलान किया था।