वायनाड में राहुल-प्रियंका का रोड शो:थोड़ी देर में नॉमिनेशन फाइल करेंगे; I.N.D.I. अलायंस में शामिल CPI की एनी राजा ने भी पर्चा भरा

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल के वायनाड में रोड शो शुरू हो गया है। उनके साथ बहन प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं। थोड़ी देर में राहुल वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन करेंगे।

वायनाड सीट में राहुल का कड़ा मुकाबला I.N.D.I. अलायंस में शामिल CPI की एनी राजा से होगा। एनी राजा ने बुधवार को रोड शो करने के बाद अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। वहीं, भाजपा ने राहुल के खिलाफ के. सुरेंद्रन को मैदान में उतारा है।

इसके साथ ही कांग्रेस आज से पार्टी की ‘पांच न्याय पचीस गारंटी’ को देश के लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘घर-घर गारंटी’ अभियान शुरू करेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दोपहर 12 बजे नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली लोकसभा से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी की प्लानिंग है कि कम से कम 8 करोड़ घरों में गारंटी के कार्ड पहुंचाए जाएं।

26 अप्रैल को वायनाड में वोटिंग, 2019 में चुनाव जीते थे राहुल
लोकसभा चुनाव की वोटिंग के दूसरे फेज में वायनाड में 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। इस तारीख को 13 राज्यों की कुल 89 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने अपनी परंपरागत सीट UP की अमेठी लोकसभा और वायनाड से चुनाव लड़ा था। उन्हें अमेठी में हार का सामना करना पड़ा था। यहां BJP की स्मृति ईरानी ने उन्हें शिकस्त दी थी। हालांकि, राहुल ने वायनाड में जीत हासिल की थी।

राहुल को मिले थे 7 लाख से ज्यादा वोट
साल 2019 में वायनाड में कुल 13 लाख 59 हजार 679 मतदाता थे। राहुल को 7 लाख 6 हजार 367 वोट हासिल हुए थे। राहुल ने 4.31 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में राहुल गांधी को लोकसभा सीट में मौजूद कुल मतदाताओं में से 51.95 प्रतिशत का समर्थन प्राप्त हुआ था, जबकि इस सीट पर डाले गए वोटों में से 64.64 प्रतिशत उन्हें दिए गए थे।

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पार्टी की जारी 39 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में राहुल का नाम था। वे वायनाड से उम्मीदवार हैं, लेकिन अमेठी से अभी तक प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं हो पाया है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार 31 मार्च को I.N.D.I. ब्लॉक की लोकतंत्र बचाओ महारैली हुई थी। इसमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला के अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना पहुंचीं थीं।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा था- PM नरेंद्र मोदी चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग कर रहे हैं। ये देश के संविधान को खत्म करना चाहते हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि ये सरकार (मोदी सरकार) किसी पार्टी के खाते फ्रीज कर देती है, किसी को जेल भेज देती है। इनको लगता है कि डंडे से चला लेंगे। ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है, ये देश 140 करोड़ लोगों का है।