प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सप्ताह में दूसरी बार आज (23 मई) हरियाणा आ रहे हैं। मोदी महेंद्रगढ़ के गांव पाली में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बीजेपी कैंडिडेट्स के पक्ष में वोट की अपील करेंगे। रैली तैयारियां पूरी कर ली गई है। लोगों के बैठने के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है।
रैली स्थल के नजदीक ही हेलीपैड बनाया गया है, यहां दोपहर में प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे रैली स्थल पर पहुंचकर लोगों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री गांव पाली में दूसरी बार पहुंच रहे हैं।
पीएम के साथ होंगे ये नेता
रैली में महेंद्रगढ़ भिवानी लोकसभा के प्रत्याशी चौधरी धर्मवीर सिंह व गुरुग्राम लोकसभा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह मौजूद रहेंगे। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम मनोहर लाल, दक्षिणी हरियाणा के मंत्री, विधायक व पूर्व विधायक भी मौजूद रहेंगे। यह रैली दोनों लोकसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रैली को लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।
1 हजार से ज्यादा जवान तैनात
चार जिलों से पुलिस बुलाई गई है। इनमें रेवाड़ी, फरीदाबाद, नूंह और पलवल शामिल हैं। जिनमें करीब 1000 से ज्यादा जवान है। इसके अलावा पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी की है। रैली स्थल के आसपास के इलाकों को भी सील किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों की एंट्री प्रधानमंत्री के आने से एक घंटा पहले बंद कर दी जाएगी। रैली स्थल पर वाटर प्रूफ टेंट लगाया गया है। रैली में पहुंचने वाले लोगों के लिए पानी की व्यवस्था के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस ने की ट्रेफिक एडवाइजरी जारी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पाली महेंद्रगढ़ में आगमन को लेकर जहां सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है, वहीं पुलिस ने रूट डायवर्ट प्लान भी तैयार किया है ताकि आम जनता को परेशानी ना हो। इसके लिए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत प्रधानमंत्री के पाली महेंद्रगढ़ आगमन पर महेंद्रगढ़ से दादरी की तरफ जाने वाले रूट पर रैली में आने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसलिए आम लोग 22 मई को शाम 6 बजे से 23 मई को शाम पांच बजे तक वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें।