राहुल गांधी के मछली पालन विभाग वाले बयान पर बोले गिरिराज सिंह- पता नहीं उनकी यादाश्त को क्या हो गया?

अलग से मत्स्यपालन मंत्रालय बनाने के बयान को लेकर राहुल गांधी पर संसद में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता राहुल गांधी की यादाश्त खत्म हो गई या क्या हुआ? जब उन्होंने यह बयान दिया कि देश में कोई मत्स्यपालन मंत्रालय नहीं है। बता दें कि गिरिराज सिंह केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री हैं। संसद में इसे लेकर राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राहुल के बयान से ठेस पहुंची है। दो फरवरी को कांग्रेस नेता ने संसद में विभाग से संबंधित सवाल किया था। जब वह पुडुचेरी और कोच्चि गए तो उन्होंने कहा कि देश में मत्स्यपालन विभाग नहीं है, जब वो सत्ता में आएंगे तो इसका अलग विभाग बनाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि उन्हें नहीं पता कि कांग्रेस नेता की यादाश्त खत्म हो गई या क्या हुआ? यह सवाल किसका था?

पुडुचेरी में राहुल गांधी के इस बयान पर इससे गिरिराज सिंह ने ट्वीट करके हमला बोला था और उनपर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया था। उन्होंने इटालियन भाषा में ट्वीट करके कहा था कि इटली में कोई अलग से मत्स्य मंत्रालय नहीं है। यह कृषि और वन मंत्रालय के अंतर्गत आता है।

पुडुचेरी में राहुल गांधी ने क्या बयान दिया था?

बता दें कि पुडुचेरी में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने मछुआरों के समुदाय से बात करते हुए किसानों के प्रदर्शन का मुद्दा उठाया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि सरकार ने किसानों के खिलाफ तीन विधेयकों को पारित किया है, जो देश की रीड़ की हड्डी हैं। मछुआरों की सभा में मैं किसानों के बारे में बात कर रहा हूं, इससे आप लोगों को आश्चर्य हो रहा होगा। मैं आप लोगों को समुद्र का किसान मानता हूं। अगर जमीन के किसानों का दिल्ली में मंत्रालय हो सकता है तो समुद्र के किसानों का क्यों नहीं।