जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है। हिमाचल में 340 सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई है। छितकुल में ढाई फीट से भी ज्यादा बर्फ पड़ी है, जिससे कई टूरिस्ट फंस गए हैं।
कश्मीर में बर्फबारी के चलते श्रीनगर-लेह रोड बंद है। कश्मीर यूनिवर्सिटी के एग्जाम रद्द किए गए हैं। करीब 1800 गाड़ियां फंसी हुई हैं। गांदरबल, सोनमर्ग, पहलगाम, गुंड, बारामूला समेत कई जगहों पर तापमान माइनस 10 से 22 डिग्री तक पहुंचा।
यहां पर एक फीट तक बर्फबारी भी हुई, जिससे करीब 2 हजार पर्यटक अलग-अलग जगहों पर फंस गए। स्थानीय कश्मीरियों ने घर और मस्जिद के दरवाजे खोले। इन्हें रुकने की जगह दी, कंबल रजाई के साथ खाने-पीने का गर्म सामान भी दिया।
उत्तराखंड के चमोली जिले में अगले 24 घंटों में 3 हजार मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर एवलांच (बर्फ ढहना) का ऑरेंज अलर्ट है। बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पांडुकेश्वर-बद्रीनाथ के बीच बर्फबारी के कारण बंद है।
हिमाचल के 5 जिलों में 10cm से ज्यादा बर्फबारी हिमाचल के कल्पा में 14.9, कुफरी में 14.5, पूह में 12, मुरंग में 12, खदराला में 10, सांगला में 8.5, केलंग में 8, कुकमसेरी में 1.6 सेमी ताजा बर्फबारी हुई है। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकाॅर्ड किया गया है।
पर्यटक बोले- हमें मस्जिद में जगह दी, हमेशा याद रहेगा
- कश्मीर के दूधपखरी में फंसे 9 पर्यटकों में से एक राजेश राजपूत ने भास्कर को बताया कि बर्फबारी में हम 4 घंटे फंसे रहे। रास्ता बर्फ से भरा था। गाड़ी नहीं चला सकते थे। शाम होने लगी और तापमान गिरने लगा तो अनीस अहमद और उनके परिवार के लोग आए और हमें साथ ले गए। उन्होंने हमारा जो ख्याल रखा, हमेशा याद रहेगा।
- कश्मीर के गुंड के गांवों में करीब 1 हजार पर्यटक विभिन्न स्थानीय लोगों के घरों में दो दिन से रुके हुए हैं। यहां जामिया मस्जिद भी पर्यटकों के लिए खोली गई। यहीं अपने परिवार के साथ रुकीं कविता मोइत्री ने बताया कि हम सोनमर्ग से लौट रहे थे, तभी बर्फबारी में फंस गए। लोगों ने हमें मस्जिद में जगह दी। फिर गरमागरम तेहरी खिलाई। यह यादगार था।
- गुंड निवासी शेख अनीस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बर्फबारी होने लगी। जो लोग सोनमर्ग से लौट रहे थे, वो फंस गए। 10 स्थानीय परिवार एक साथ मदद को आगे आए। हम पर्यटकों तक पहुंचे। उन्हें गाड़ियों से निकाला और घर ले आए। शनिवार शाम को उन्हें श्रीनगर रवाना किया। अभी भी गुंड में 15-16 घरों में पर्यटक रुके हुए हैं।
लद्दाख में इस साल पर्यटक घटे, कश्मीर में बढ़े लद्दाख में 2023 में 5.25 लाख पर्यटक पहुंचे थे। 2024 में यह आंकड़ा घटकर 3.75 लाख रह गया। लद्दाख पर्यटन विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 2023 में 2.10 करोड़ पर्यटक आए थे। 2024 में संख्या बढ़कर 2.11 करोड़ हो चुकी है।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम
31 दिसंबर: उत्तर भारत के राज्यों में शीतलहर चलेगी
- पहाड़ों की बर्फीली हवा से मध्य भारत ठिठुरेगा। यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़, मप्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में तापमान गिरेगा।
- उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे के आसार हैं। इन राज्यों में हवा की रफ्तार भी 40 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रहेगी।
1 जनवरी: 10 राज्यों में कोहरे का अलर्ट
- मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा।
- हिमाचल प्रदेश में सीवियर कोल्डवेव का अलर्ट रहेगा। हिमाचल प्रदेश में ग्राउंड फ्रॉस्ट कंडीशन रहेगी।
- तमिलनाडु-पुडुचेरी में तेज रफ्तार में हवा चलेगी। इन राज्यों के कुछ जिलों में बिजली भी गिर सकती है।
2 जनवरी: 3 राज्यों में बर्फबारी, नॉर्थ-ईस्ट में कोहरा
- असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में घना कोहरा रहेगा।
- उत्तरी भारत के राज्यों में शीतलहर चलेगी, जिससे तापमान में गिरावट होगी।
- जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा।