उत्तर भारत के राज्यों में तेज सर्दी का असर जारी है। देश के 16 राज्यों में घने कोहरे का भी असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, जम्मू, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में विजिबिलिटी घटकर जीरो हो गई। इससे कई फ्लाइट्स लेट हुईं। अकेले उत्तर प्रदेश में ही 25 फ्लाइट लेट हैं। ट्रेनें भी निर्धारित समय पर स्टेशंस तक नहीं पहुंच सकीं।
विमान कंपनी स्पाइसजेट के मुताबिक मंगलवार को भी दिल्ली, श्रीनगर, वाराणसी अमृतसर और जम्मू एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट्स लेट हो सकती है।
उत्तर प्रदेश ठंड के चलते पिछले 48 घंटे में 25 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 10 की जान गई। बिहार के कटिहार, पूर्णिया समेत 20 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया।
राजस्थान में भी अगले 3 दिन सर्द हवा का असर रहेगा। आज प्रदेश के 6 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी भी कर दी गई है।
जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग में करीब 2 फीट बर्फबारी हुई। मुगल रोड, श्रीनगर-लेह रोड, सेमथान-किश्तवाड़ रोड और गुरेज हाईवे बंद कर दिया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक यहां 10 जनवरी तक बर्फबारी की संभावना नहीं है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के साथ-साथ कई जिलों में बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिन मौसम का अनुमान…
8 जनवरी: उत्तर भारत में कोहरा, साउथ में बारिश
- तमिलनाडु-पुडुचेरी में बारिश की संभावना है।
- उत्तर भारत के राज्यों में कोहरा छाया रहेगा।
- हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी होगी
9 जनवरी: 6 राज्यों में घना कोहरा, नॉर्थ ईस्ट में बिजली गिरने का अलर्ट
- उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, बिहार में घना कोहरा रहेगा।
- उत्तर प्रदेश में कोल्ड वेव का अलर्ट। तापमान में 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
- अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में बिजली गिरने का अलर्ट है।