गोरखपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मोटा कहने पर दो युवकों को गोली मार दी गई। आरोपी एक दावत में गया था। वहां दोनों युवकों ने मोटका कहकर उसका मजाक उड़ाया। यह बात उसे इतनी बुरी लगी कि उसने दोनों को जान से मारने का प्लान बना डाला।
जैसे ही दोनों युवक दावत खाकर कार से निकले, आरोपी अपने दोस्त के साथ उनका पीछा करने लगा। 20 किलोमीटर दूर जाने के बाद आरोपी ने उनकी कार को ओवरटेक कर लिया। इसके बाद दोनों को कॉलर पकड़कर बाहर निकाला और उन पर फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
पूरी घटना 2 मई की है। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने गोली मारने की वजह बताई। कहा -‘दावत में मुझे मोटका कह दिया। मैंने विरोध किया तो वहां पर मौजूद लोग हंसने लगे। मुझे गुस्सा आ गया। मैंने दोनों को गोली मार दी।
फिलहाल, दोनों युवक खतरे से बाहर हैं। उनका गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
पूरा मामला जानिए
बेलघाट थाना क्षेत्र का रहने वाला आरोपी अर्जुन चौहान ने पुलिस को बताया- मैं अपने चाचा के साथ तरकुलहा देवी मंदिर के पास दावत में गया था। वहां मंझरिया से अनिल और शुभम भी आए थे। खाने के दौरान इन दोनों ने मेरे मोटापे को लेकर मजाक उड़ाया। कहा – तुम तो मोटू हो यार।
इस पर मैंने नाराजगी जताई। वहां पर मौजूद लोग हंसने लगे। फिर मेरी दोनों से कहासुनी हो गई। हालांकि, वहां पर मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया। लेकिन मैंने मन में ठान लिया था कि इन्हें आज निपटाकर रहूंगा।
मैंने यह बात अपने दोस्त आसिफ को बताई। हम दोनों ने अनिल और शुभम को गोली मारने का प्लान बनाया। मुझे पता था कि शुभम-अनिल मंझरिया जा रहे हैं। मैं भी कार से आसिफ के साथ हाईवे पर पहुंच गया। उनकी अर्टिगा को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह आगे निकल गए।
टोल प्लाजा के पास गोली मारी
अर्जुन चौहान ने बताया- मैंने दोबारा से पीछा शुरू किया। जगदीशपुर-कालेसर फोरलेन बाईपास पर तेनुआ टोल प्लाजा के पास ओवरटेक किया। कॉलर पकड़कर दोनों को कार से खींच लिया। उनसे कहा – बहुत बोल रहा था तू। इसके बाद उन पर फायरिंग कर दी। फिर हम वहां से भाग निकले।
वारदात के बाद राहगीरों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया था। यहां से डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
आसिफ हिस्ट्रीशीटर, अर्जुन पर भी कई केस
SP दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया – शुभम के पिता वीरेंद्र यादव की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। आरोपी आसिफ और अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया है। आसिफ खान हिस्ट्रीशीटर है। अर्जुन पर भी कई केस दर्ज हैं। दोनों के पास से पिस्टल भी बरामद की गई है। शुरुआती जांच के मुताबिक, खाना खाते समय हुए विवाद के चलते यह घटना हुई है।